माई सिटी रिपोर्टर
साहिबाबाद। खोड़ा में अलग अलग स्थानों पर राशन की दुकान पर लॉकडाउन का उल्लंघन करना भारी पड़ गया। सोशल डिस्टेंसिंग का पालन नहीं करने और भीड़ जुटने पर पहुंची पुलिस ने तीन दुकानदारों पर रिपोर्ट दर्ज की है।
एसएचओ खोड़ा संदीप सिंह ने बताया कि बीरबल चौकी क्षेत्र स्थित सोम-शुक्र बाजार वाली गली में पुलिस की टीम गश्त कर रही थी। इस दौरान रिंकू निवासी धर्म विहार और नंदकिशोर निवासी अजंता पार्क की परचून की दुकान पर करीब 15 लोगों की भीड़ खड़ी हुई थी। वहीं लौधी चौक पर किराने की दुकान करने वाले अजीत निवासी शेखपुरा बिहार के किराने की दुकान पर भी लोगों की भीड़ जमा थी। तीनों दुकानों पर सोशल डिस्टेंसिंग का पालन नहीं किया गया। इसके साथ ही मास्क और सैनेटाइजर भी उपलब्ध नहीं मिला। जिससे कोरोना संक्रमण फैलने का खतरा था। एसएचओ ने बताया कि दुकानदारों पर लॉकडाउन के उल्लंघन की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। लॉकडाउन का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ पुलिस सख्त कार्रवाई करेगी।