इंदिरापुरम। कनावनी के मोइनुद्दीनपुर निवासी विजेंद्र सिंह ने अपने परिचित वैशाली सेक्टर चार स्थित गेटवे टावर निवासी लोकेश गौड़ पर वर्ष 2021 में 8.50 लाख रुपये उधार लेने के बाद वापस न करने का आरोप लगाया है। साथ ही तकादा करने पर जान से मारने की धमकी मिलने का भी आरोप लगाया है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
विजेंद्र सिंह ने पुलिस को बताया कि लोकेश गौड़ और वह कई सालों से परिचित हैं। अप्रैल 2021 में लोकेश ने निजी कार्य के लिए 8.50 लाख रुपये उधार लिए थे और दो महीने में वापस करने का आश्वासन भी दिया था। आरोप है कि लोकेश ने उनके रुपये अभी तक नहीं लौटाए हैं। फरवरी 2024 में दोनों के बीच आगामी दो महीने में उधार चुकाने का समझौता भी हुआ, लेकिन तब भी स्थिति वही रही। विजेंद्र का आरोप है कि तकादा करने पर आरोपी ने जून 2024 में अपने दो साथियों के साथ उनसे मिलकर रकम वापसी से इंकार कर दिया। साथ ही हत्या करने या किसी झूठे मामले में जेल भिजवाने की धमकी दे डाली। इसके अलावा पुलिस-प्रशासन में ऊंची पहुंच होने की बात कहकर भी डराया। इसके बाद उन्होंने डीसीपी ट्रांस हिंडन निमिष पाटील से शिकायत की। डीसीपी ने बताया कि 30 जनवरी को मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है।