गाजियाबाद। राजनगर एक्सटेंशन की चार्म्स कैसल सोसायटी के बी-टॉवर की आठवीं मंजिल से एलएलबी के छात्र आदित्य वर्मा (22) ने सीढियों के बराबर में बनी विंडो से कूदकर जान दे दी। आदित्य वर्मा नोएडा स्थित कॉलेज में बीए एलएलबी द्वितीय वर्ष का छात्र था। पुलिस ने शव को मेडिकल परीक्षण के लिए भेज दिया है। हालांकि परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से इन्कार किया है।
एसीपी नंदग्राम पूनम मिश्रा ने बताया कि आदित्य वर्मा चार्म्स कैसल सोसायटी के ए-टॉवर फ्लैट संख्या 205 में रहते थे। दोपहर करीब दो बजे आदित्य वर्मा को लोगों ने बी-टावर की ओर जाते देखा। बी-टॉवर की सीढ़ियों के बराबर में आठवीं मंजिल पर बनी विंडो से आदित्य वर्मा ने कूदकर जान दे दी। बताया कि आदित्य वर्मा बीए एलएलबी द्वितीय वर्ष के छात्र थे और सराफा कारोबारी अनिल वर्मा के इकलौते बेटे थे। कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। कुछ लोगों ने बताया कि आदित्य अपने पिता की डांट से परेशान थे। आक्रोश में आकर उन्होंने आत्महत्या की है।
-कोई अपने बेटे को मत डांटना, मैं बर्बाद हो गया-
आदित्य के पिता अनिल वर्मा की नोएडा में आभूषण का शोरूम है। जबकि आदित्य से बड़ी दो बहनें इंजीनियर हैं। इसमें से एक बड़ी बहन लंदन में जॉब करती हैं और छोटी नोएडा स्थित एक कंपनी में जॉब कर रही हैं। आदित्य छोटा था और सभी का लाड़ला था। नंदग्राम थाना प्रभारी धर्मपाल सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया पिता की डांट से क्षुब्ध आदित्य ने आत्महत्या की है। बेटे की आत्महत्या की सूचना पर नोएडा से चार्म्स कैसल सोसायटी पहुंचे अनिल वर्मा का रो-रोकर बुरा हाल था। मौके पर मौजूद लोगों से अनिल वर्मा कह रहे थे कि अपने बेटों को कभी मत डांटना, ऐसा करके वह बर्बाद हो गए हैं।