गाजियाबाद। मसूरी क्षेत्र में दिल्ली मेरठ एक्सप्रेस वे पर बृहस्पतिवार को हवा हवाई रेस्तरां के पास हुए हादसे के मामले में मसूरी पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी एलएलबी का छात्र है। वह अपने दोस्तों के साथ हरिद्वार से लौट रहा था। इसी दौरान मसूरी क्षेत्र में आगे चल रही इको कार में टक्कर मारी थी। टक्कर लगने से इको कार एक्सप्रेसवे की रेलिंग तोड़कर नीचे जा गिरी थी। कार सवार गुजरात के राजकोट से हरिद्वार अस्थियां विसर्जन करने आए थे। हादसे में एक किशोरी की मौत और आठ लोग घायल हुए थे।
एसीपी मसूरी ने बताया कि पकड़ा गया आरोपी गुड़गांव निवासी मयंक यादव है। वह कार मालिक का बेटा है और एलएलबी की पढ़ाई कर रहा है। शुरुआत में उसके साथ युवती होने की सूचना थी, लेकिन बाद में सामने आया कि कार में उसके दो अन्य दो भी थे। हादसे के बाद वह वहां भाग गया था। मामले में नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।
मयंक ने कहा, नहीं दिखी थी कार
मयंक ने पुलिस को पूछताछ में बताया कि वह दोस्ताें के साथ अपनी वरना कार लेकर हरिद्वार गया था। लौटने के दौरान वह तेज रफ्तार में था, साथ ही कार में म्यूजिक भी बज रहा था। इको कार अचानक आगे आई और उसने टक्कर को रोकने का प्रयास किया, लेकिन रफ्तार तेज होने के बाद हादसा हो गया।