गुरु गोबिंद सिंह जी का 350वां प्रकाशोत्सव बृहस्पतिवार को शहर के सभी गुरुद्वारों में श्रद्धापूर्वक मनाया गया। इस दौरान जहां शबद-कीर्तन से संगत निहाल हुई वहीं गुरु का लंगर भी बरता गया। इस दौरान गुरुद्वारों को विशेष रूप से सजाया गया।
गुरुद्वारा श्री गुरुनानक सभा जी ब्लाक में सुबह अखंड पाठ हुआ और स्त्री संगत ने सत्संग किया। दोपहर में हजूरी रागी भाई कुलवंत सिंह और भाई परमजीत सिंह ने शबद-कीर्तन किया। एसएसपी दीपक कुमार गुरुद्वारा पहुंचे और गुरु साहिब का गुणगान किया।
कहा कि गुरु गोबिंद सिंह जी ने अपना सर्वस्व देश के नाम पर बलिदान कर दिया। राज्य अल्पसंख्यक आयोग के पूर्व सदस्य सरदार एसपी सिंह सहित प्रबंधक समिति के अध्यक्ष रविंद्र सिंह जौली, गुरविंदर सिंह, देवेंद्र सिंह, चरणजीत सिंह, सुखविंदर सिंह पीके धींगरा, जसप्रीत सिंह सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
भूड़ भारत नगर स्थित गुरुद्वारा श्री गुरुनानक सिमरन सभा से सुबह नगर-कीर्तन निकाला गया। प्रधान सरदार जोगिंदर सिंह ने कहा कि इस बार का गुरु पर्व खास है। इस बार पटना साहिब में प्रकाश पर्व धूमधाम से मनाया जा रहा है।
सरदार एसपी सिंह ने बताया कि गाजियाबाद से कई लोग वहां पहुंचे हैं। विवेकानंद नगर स्थित गुरुद्वारा नानकसर में सुखमनी साहब का पाठ हुआ। बजरिया स्थित गुरुद्वारा में सुबह से अखंड पाठ और दोपहर में हजूरी रागी भाई संत सिंह, भाई बलवंत सिंह और भाई हरभजन सिंह ने कीर्तन किया। राजनगर सेक्टर 10 गुरुद्वारे में सुबह नौ बजे से अखंड पाठ हुआ, उसके बाद रागी जत्थे ने शबद-कीर्तन किया।
राजनगर में हुई गोष्ठी
गुरु गोविंद सिंह के 350वें प्रकाश पर्व पर बृहस्पतिवार को राजनगर में गोष्ठी हुई। इसकी अध्यक्षता समाजसेवी मनोज गोयल ने की। समाजसेवी अभिषेक त्यागी ने गोष्ठी में कहा कि गुरु गोविंद सिंह जी ने समाज को जोड़ने और समाज में एकता लाने का काम किया।
उनकी देशभक्ति के बारे में कुछ कहना सूरज को दीपक दिखाने के समान है। गोष्ठी में अजयकांत भारद्वाज, दिलीप बरारा, प्रदीप गर्ग, सुनील चौधरी, बबली, सरदार सुखविंदर सिंह, सरदार गुरमीत सिंह खोसला, सरदार अमरपाल सिंह सहित अन्य मौजूद रहे।