फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Ghaziabad News: संयुक्त जिला अस्पताल में लिफ्ट खराब, मरीज परेशान

विज्ञापन
विज्ञापन
गाजियाबाद। संजयनगर स्थित संयुक्त जिला अस्पताल में लिफ्ट खराब होने से मरीजों और तीमारदारों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। अस्पताल की लिफ्ट बंद होने के कारण प्रथम और दूसरे तल तक पहुंचने के लिए लोगों को रैंप और सीढ़ियों का सहारा लेना पड़ रहा है। सबसे अधिक दिक्कत बुजुर्ग, दिव्यांग और गंभीर मरीजों को हो रही है। अस्पताल प्रशासन के अनुसार लिफ्ट का एक पार्ट खराब है, जिसे मेरठ से मंगवाया गया है। पार्ट बदलने के बाद लिफ्ट को दोबारा चालू कराया जाएगा।
विज्ञापन

संयुक्त जिला अस्पताल में प्रतिदिन करीब 800 से 900 मरीज उपचार के लिए पहुंचते हैं। अस्पताल के प्रथम तल पर नेत्र रोग, नाक-कान-गला विभाग, फिजियोथेरेपी, आयुर्वेद विभाग, पैथोलॉजी लैब, ऑर्थो और सर्जरी वार्ड संचालित हैं। दूसरे तल पर मेडिकल वार्ड, डेंगू वार्ड और नेत्र वार्ड मौजूद हैं। ग्राउंड फ्लोर पर ओपीडी, सीटी स्कैन सेंटर, एक्स-रे रूम और एंटी रैबीज क्लीनिक संचालित होते हैं।
बृहस्पतिवार से लिफ्ट बंद होने के बाद मरीजों की परेशानी और बढ़ गई है। खासतौर पर खून की जांच कराने आने वाले बुजुर्ग मरीजों और आंखों के मरीजों को ऊपरी मंजिल तक पहुंचने में कठिनाई हो रही है। ट्रामा सेंटर में भर्ती मरीजों को निगरानी के बाद ऊपरी मंजिल के वार्डों में शिफ्ट किया जाता है, लेकिन लिफ्ट खराब होने से अस्पताल स्टाफ को भी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
विज्ञापन

अस्पताल में वर्ष 2016 में करीब 12 लाख रुपये की लागत से लिफ्ट लगाई गई थी, लेकिन तकनीकी कारणों के चलते यह लंबे समय तक शुरू नहीं हो सकी। मरीजों की लगातार शिकायतों के बाद पूर्व सीएमओ के निर्देश पर निजी फर्म से संपर्क किया गया। मरम्मत पर करीब दो लाख रुपये खर्च होने का अनुमान लगाया गया था। शासन से बजट मिलने के बाद बीते वर्ष ही लिफ्ट का संचालन शुरू कराया गया था, लेकिन आए दिन लिफ्ट खराब होने से मरीजों को इसका लाभ नहीं मिल रहा है।
अस्पताल के सीएमएस डॉ. संजय गुप्ता ने बताया कि लिफ्ट में तकनीकी खराबी आई है। इंजीनियर ने एक पार्ट खराब होने की जानकारी दी है। जल्द ही नया पार्ट लगाकर लिफ्ट को दोबारा संचालित करा दिया जाएगा।
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें