गाजियाबाद। राजनगर एक्सटेंशन की रहने वाली रेनू ने पति के मानसिक और शारीरिक उत्पीड़न से परेशान होकर पुलिस से शिकायत की तो पति ने उन्हें बंधक बनाकर मारपीट की। इस कारण वह शिकायत पर परिवार परामर्श केंद्र में बुलाने के दौरान पहुंच नहीं सकी। आरोप है कि पति ने उनकी बेरहमी से पिटाई कर जान से मारने की धमकी दी है।
रेनू का कहना है कि 2022 में उन्होंने महिला थाने में उत्पीड़न की शिकायत की। साथ ही न्यायालय में भी अर्जी लगाई लेकिन पति पुष्पेंद्र द्विवेदी ने उन्हें कमरे में बंधक बना लिया और साक्ष्य भी नष्ट करके उन्हें महिला थाने व न्यायालय में पेश नहीं होने दिया। आरोप है कि 11 फरवरी 2024 को पति ने उनके सिर व गर्दन पर बुरी तरह वार किया। मामले में उन्होंने नंदग्राम थाने में पुष्पेंद्र के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। एसीपी रवि कुमार सिंह का कहना है कि मामले में जांच की जा रही है।