एनएच-नौ डासना क्षेत्र में सुंदरदीप ग्लोबल यूनिवर्सिटी में बीए एलएलबी के छात्र शहरान पुत्र आबिद अली को सहपाठियों ने लोहे के पाइप व डंडों से हमला कर गंभीर घायल कर दिया। पुलिस को दी तहरीर में छात्र शहरान ने बताया कि वह लंच टाइम में मुख्य इमारत के पीछे स्थित पार्क में खाना खा रहा था, तभी वहां छात्र पीयूष चौहान, मंकू व शिवा (बीए एलएलबी, प्रथम वर्ष) तथा आयूष त्यागी व तरुन चौधरी (बीसीए द्वितीय वर्ष) ने मिलकर छात्र शहरान को पार्क से खींचकर विश्वविद्यालय के शौचालय में ले जाकर लोहे के पाइप, मुक्कों और कड़ों से हमला कर दिया।
हमले में शहरान के सिर में गहरी चोटें आई हैं, हाथ में फ्रैक्चर हुआ है और कमर पर भी चोटों के निशान पाए गए हैं। शहरान ने किसी तरह अपनी जान बचाई। घटना के बाद घायल छात्र ने पुलिस को तहरीर देकर आरोपी छात्रों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है तहरीर में घायल छात्र ने बताया कि आरोपी छात्रों ने एक राय होकर उस पर हमला किया है। सहायक पुलिस आयुक्त वेव सिटी प्रियाश्री पाल ने बताया कि पीड़ित छात्र को दी गई तहरीर के आधार पर पीयूष चौहान, मंकू, शिवा, आयुष त्यागी और तरून चौधरी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है। जांच-पड़ताल करके वैधानिक कार्रवाई की जायेगी।