रैपिड ट्रेन स्टेशन जमीन खरीद पर अगले हफ्ते मोहर
गाजियाबाद। रैपिड ट्रेन निर्माण की दिशा में अब एनसीआरटीसी (राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र परिवहन निगम) के साथ प्रदेश सरकार और स्थानीय प्रशासन भी तेजी से काम कर रहा है। दुहाई में डिपो निर्माण के लिए जमीन खरीद की प्रक्रिया शुरू होने जा रही है, जिसको लेकर अधिसूचना जारी हो चुकी है। इसी बीच स्टेशनों के निर्माण हेतु जमीन की प्रक्रिया पर तेजी से काम शुरू हो गया है। अगले हफ्ते तक एनसीआरटीसी की तरफ से जिलाधिकारी की अध्यक्षता वाली समिति के नाम प्रस्ताव रखा जाएगा। उसके बाद कमेटी प्रस्ताव को पास कर मंडलायुक्त को भेज देगी।
केंद्र सरकार के निर्देश पर एनसीआरटीसी का लक्ष्य है कि मार्च 2023 तक दुहाई से साहिबाबाद के बीच देश की पहली रैपिड ट्रेन शुरू कर दी जाए। इसको लेकर रूट निर्माण का काम शुरू हो चुका है। अब बस मार्ग पर पड़ने वाले स्टेशनों के लिए जमीन खरीद होना है। डीएम की अध्यक्षता में एक दौर की वार्ता हो चुकी है, जिसमें डीएम ने एनसीआईआरटीसी के अधिकारियों से प्रस्ताव मांगा था। बताया जा रहा है कि निगम की तरफ से पूरा प्रस्ताव तैयार हैं अब बस एडीएम भूअर्जन की तरफ से जमीन की कीमतों का आंकलन किया जा रहा है, जिसके बाद प्रस्ताव को आगे बढ़ाया जाएगा। प्रशासन की कोशिश है कि सर्किल रेट से दोगुना भू-स्वामियों को मिले। इसके लिए सर्किल रेट और बाजार रेट का भी आंकलन किया जा रहा है। माना जा रहा है कि तीन से चार दिन में पूरा प्रस्ताव तैयार हो जाएगा। उसके बाद अगले हफ्ते के अंत तक समिति के सामने रख दिया जाएगा।
इन जगहों पर होनी है जमीन खरीद
स्टेशन के लिए गांव का नाम क्षेत्रफल (हेक्टेयर में)
साहिबाबाद 0.1654
बोंझा 2.9166
ढरगल 1.8198
दुहाई 1.8586
उखलारसी 0.2729
सिखरी खुर्द 0.8211
बेगमाबाद बुदाना उर्फ विसोखर 0.7590
----------------------------------------
कुल 8.6134
------------------------------------------------