मोदीनगर। दिल्ली-मेरठ मार्ग पर गोविंदपुरी स्थित डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परिसर में अज्ञात बदमाशों ने परिवार समेत गांव गए स्वास्थ्यकर्मी रियासत अली के मकान का ताला तोड़कर लाखों के गहने और नकदी चोरी कर ली। स्वास्थ्यकर्मी को गांव से लौटने पर घटना का पता लगा। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जनपद मेरठ के रोहटा स्थित गांव सतवाई निवासी रियासत अली प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भोजपुर पर ब्लॉक कार्यक्रम प्रबंधक हैं। रियासत अली ने बताया कि वह मोदीनगर के गोविंदपुरी स्थित डॉ. श्याम प्रसाद मुखर्जी स्वास्थ्य केंद्र परिसर में ए-दो में परिवार सहित रहते हैं। बताया कि बीते शनिवार को वह परिवार समेत अपने गांव चले गए। सोमवार को गांव से लौटकर ड्यूटी चले गए। शाम को वह ड्यूटी से लौटे तो घर का ताला टूटा मिला। कमरे में सारा सामान बिखरा मिला। आरोप है कि अज्ञात बदमाश मकान का ताला तोड़कर 32 हजार रुपये की नकदी, सोने व चांदी के लाखों की कीमत के गहने व अन्य कीमती सामान चोरी कर ले गए। स्वास्थ्य केंद्र परिसर में हुई चोरी की घटना से स्वास्थ्य कर्मियों में दहशत का माहौल है। एसीपी मोदीनगर भास्कर वर्मा ने बताया कि घटना की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।