भीषण गर्मी के बाद शुक्रवार देर रात आई आंधी-बारिश से शहर अंधेरे में डूब गया। आंधी रुकी तो अधिकांश कालोनियों की बिजली आपूर्ति बहाल हो गई, लेकिन 30 से ज्यादा कालोनियां रात भर अंधेरे में रहीं।
आंधी की वजह से सात जगह तार टूटने, दो कालोनियों में ट्रांसफार्मर खराब होने और 20 से ज्यादा कालोनियों में सब-स्टेशन की कमियों से बिजली सप्लाई ठप हो गई। शनिवार दोपहर तक फाल्ट को ठीक कर कालोनियों में आपूर्ति सामान्य की गई।
देर रात करीब डेढ़ बजे आई आंधी और बारिश के चलते पहले एहतियातन पावर सप्लाई बंद कर दी गई, लेकिन तेज हवाओं से शास्त्री नगर डी-ब्लाक, ई-ब्लाक, विजयनगर सेक्टर-12 के ए-ब्लाक समेत सात स्थानों पर तार टूट गए।
बाद में सप्लाई बहाल की गई तो नवयुग मार्केट सब-स्टेशन का केबल बॉक्स फुंक गया। इससे नवयुग मार्केट, चंद्रपुरी समेत कई क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति ठप हो गई।
राकेश मार्ग और नेहरू नगर सेकेंड के ई-ब्लाक में भी शनिवार दोपहर तक बिजली आपूर्ति ठप रही। न्यू आर्य नगर और कैला भट्ठा में ट्रांसफार्मर खराब होने से बिजली गुल रही। इसके अलावा अवंतिका, संजय नगर, चौपला, सराय नजर अली समेत अधिकांश इलाकों में भी पांच से छह घंटे बिजली आपूर्ति ठप रही। पावर कारपोरेशन के अधीक्षण अभियंता एसबी यादव ने बताया कि फाल्ट को ठीक कराकर बिजली आपूर्ति बहाल कराई गई।
मानसून की पहली ही बारिश ने शहर की जल निकासी व्यवस्था की पोल खोल दी। बारिश के चलते गोशाला अंडरपास और नेहरू नगर में होली चाइल्ड रोड पर जलभराव हो गया। जलभराव की वजह से जर्जर सड़कें और खतरनाक हो गई हैं। पानी भरने से गड्ढे दिखाई न देने की वजह से दुपहिया वाहन दुर्घटना का शिकार हो रहे हैं।
सबसे ज्यादा दिक्कत कालका गढ़ी-होली चाइल्ड चौक पर हो रही है। मार्बल मार्केट के सामने सड़क की एक लेन पूरी तरह जर्जर हो चुकी है। गहरे गड्ढे हो जाने से अब यहां से वाहनों का निकलना भी मुश्किल हो रहा है। दोपहर करीब एक बजे बाइक पर सवार दो युवक इन्हीं गड्ढों में गिरकर घायल हो गए।