साहिबाबाद। टीला मोड़ थाना पुलिस ने एक कामगार को लाखों रुपये के आभूषण चोरी के आरोप में कृष्णा विहार कुटी निवासी आरोपी जयभगवान को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से सोने-चांदी के आभूषण भी बरामद किए हैं। आरोपियों ने मकान में मरम्मत के दौरान ही चोरी की वारदात को अंजाम दिया था।
एसीपी शालीमार गार्डन अतुल कुमार सिंह ने बताया कि कृष्णा विहार कुटी निवासी शिवकेश ने 14 अक्तूबर को पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी। उनका आरोप था कि घर में टाइल-पत्थर लगाने आए कामगारों ने लाखों के सोने और चांदी के आभूषण चुरा लिए। पुलिस ने जब इस मामले में परिवार से पूछताछ की तो बताया कि सात अक्तूबर से राजमिस्त्री बॉबी और मजदूर जयभगवान उनके घर की दूसरी मंजिल पर टाइल लगा रहे थे। 11 अक्तूबर की शाम करीब सात बजे उनकी पत्नी पहली मंजिल की अलमारी के लॉकर में चाबी लगाकर भूल गईं। 12 अक्तूबर की सुबह जब पत्नी ने अलमारी का लॉकर खोला तो आभूषण गायब मिले। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर सीसीटीवी कैमरे खंगाले। घर में मजूदरों के अलावा अन्य कोई व्यक्ति नहीं आया था। इसके बाद ही पुलिस ने जयभगवान को गिरफ्तार किया है। उसने पुलिस पूछताछ में चोरी करके की बात स्वीकार की है। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने घर से चुराए गए गहने बरामद किए हैं।