साहिबाबाद। मोहन नगर से ऑटो में बैठकर लोनी की तरफ आ रही महिला के साथ ठगों ने कोरोना जांच का झांसा देकर कान के कुंडल ठग लिए। महिला ने मामले की शिकायत साहिब थाना पुलिस से की है। गेट लोनी निवासी रवि कुमार मुखिया ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनकी मां मोहन नगर से लोनी जाने के लिए ऑटो में बैठीं थीं। इसमें चार लोग पहले से बैठे थे। इस दौरान चालक ने कोरोना जांच की बात कहकर उनसे कुंडल उतारकर बैग में रखने के लिए कहा। बाद में कर्म गेट के पास चालक ने उनको जबरदस्ती ऑटो से उतार दिया और तेजी से निकल गया। उन्होंने बताया कि घर आकर देखा तो बैग में कुंडल नहीं थे। एसीपी साहिबाबाद श्वेता यादव ने बताया कि मामला दर्ज कर जांच की जा रही है।