फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

क्षमा शर्मा हत्याकांड: सलीम की प्रेमिका से कब से चल रही थी बात? कॉल डिटेल और चैट से सामने आएगा सच

Sat, 06 Dec 2025 04:05 PM IST
शाहरुख खान अमर उजाला नेटवर्क, बुलंदशहर

सार

बुलंदशहर के क्षमा शर्मा हत्याकांड में पुलिस की जांच जारी है। पुलिस अब क्षमा और उसके प्रेमी सलीम के फोन रिकॉर्ड्स खंगाल रही है। पुलिस ने आरोपी सलीम की बहन को भी हापुड़ से गिरफ्तार कर लिया है। 
विज्ञापन
bulandshahr murder - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

बुलंदशहर के नैथला हसनपुर निवासी क्षमा शर्मा हत्याकांड में पुलिस ने मुख्य आरोपी सलीम को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया। मामले में अब पुलिस केस से जुड़े सभी फोन रिकॉर्ड्स खंगाल रही है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि क्षमा और आरोपी सलीम के बीच कब से बातचीत चल रही थी और वे कितने समय से साथ थे। 
विज्ञापन


इसी बीच, एसएसपी ने क्षमा की गुमशुदगी दर्ज होने के बाद मामले में लापरवाही बरतने पर संबंधित दरोगा असलम को निलंबित कर दिया है। पुलिस का मानना है कि हत्याकांड में सलीम के परिवार के सदस्य भी शामिल थे, जिसके चलते उसकी हापुड़ निवासी बहन रुखसाना को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है।

नैथला हसनपुर निवासी क्षमा शर्मा का शव एक दिसंबर को वलीपुर नहर में मिला था। पुलिस ने जांच के दौरान पीरवाली गली, मामन चौकी निवासी सलीम को गिरफ्तार किया। आरोप है कि सलीम ने प्रेम जाल में फंसाकर क्षमा की हत्या की। 
विज्ञापन


सीओ भास्कर कुमार मिश्रा ने बताया कि पुलिस क्षमा और सलीम के मोबाइल फोन के कॉल डिटेल रिकॉर्ड्स और चैट रिकॉर्ड्स की जांच कर रही है। इन रिकॉर्ड्स से यह स्पष्ट हो पाएगा कि दोनों के बीच यह संबंध कब शुरू हुआ, हत्या से पहले और बाद में दोनों ने किन-किन लोगों से संपर्क किया, और वारदात को अंजाम देने का षड्यंत्र कब रचा गया।

क्षमा की गुमशुदगी दर्ज होने के बाद पुलिस ने समय रहते उचित कार्रवाई नहीं की थी, जिससे क्षमा को खोजने में देरी हुई। इस लापरवाही को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी ने तत्काल प्रभाव से संबंधित दरोगा को निलंबित कर दिया है। 
 

जांच के दौरान खुलासा हुआ है कि आरोपी सलीम का भाई समीर, हापुड़ निवासी बहन रुखसाना और बहनोई अरशद भी पूरे षड्यंत्र में शामिल थे। इन सभी को घटना की जानकारी थी और ये वारदात के बाद सलीम को बचाने की कोशिश कर रहे थे। 
 

संलिप्तता पाए जाने पर इन सभी के नाम एफआईआर में शामिल किए गए हैं। पुलिस ने हापुड़ निवासी आरोपी रुखसाना को गिरफ्तार कर लिया है और पूछताछ के बाद उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया है। पुलिस अब फरार चल रहे आरोपी भाई समीर और बहनोई अरशद की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।

प्रेम जाल में फंसाकर सलीम ने की थी क्षमा की हत्या
बुलंदशहर के वलीपुरा नहर में एक दिसंबर को मिले युवती के शव की पहचान नैथला गांव निवासी क्षमा शर्मा के रूप में हुई। उसकी चाकू से गला रेतकर हत्या की गई थी। इस आरोप में पुलिस ने उसके प्रेमी सलीम को गिरफ्तार किया है। आलाकत्ल की बरामदगी के दौरान आरोपी ने पुलिस टीम पर तमंचे से फायर कर दिया। जवाबी कार्रवाई में वह पैर में गोली लगने से घायल हुआ है।
 

नगर कोतवाली पुलिस को एक दिसंबर की शाम वलीपुरा नहर में युवती का शव पड़ा होने की सूचना मिली थी। अगले दिन नगर कोतवाली पुलिस ने शव के फोटो जारी किए। इसके बाद चोला थाना पुलिस ने नगर कोतवाली पुलिस से संपर्क किया तो मृतका की शिनाख्त क्षमा शर्मा (23) के रूप में हुई। युवती गांव में ही एक निजी स्कूल में पढ़ाती थी। वह गत 27 नवंबर को घर से निकली थी, लेकिन वापस नहीं लौटी। 28 नवंबर को परिजनों ने चोला थाने में उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई थी।
 

चोला व नगर कोतवाली पुलिस की जांच में आरोपी सलीम निवासी पीरवाली गली निकट मामन चौकी का नाम प्रकाश में आया। बुधवार को पुलिस ने उसे पकड़कर सख्ती से पूछताछ की तो उसने क्षमा की हत्या की बात स्वीकार ली।
 

उसने पुलिस को बताया कि कबाड़ी का काम करता है। इसके चलते उसका नैथला गांव में आना-जाना था। इसी दौरान उसकी मुलाकात क्षमा से हुई थी। 27 नवंबर को उसने क्षमा को मिलने के लिए वलीपुरा नहर के पास बुलाया था। वहां दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। इसके बाद उसने चाकू से क्षमा का गला रेत कर हत्या कर दी और शव को नहर में फेंक दिया।

 

आरोपी ने वारदात में प्रयुक्त चाकू सिखेड़ा गेट के पास छिपा दिया था। बुधवार रात जब पुलिस उसे लेकर चाकू बरामद करने पहुंची तो वहां आरोपी ने चाकू के साथ एक तमंचा भी छिपाया हुआ था। उसने तमंचा निकाल कर पुलिस टीम पर फायर झोंक दिया। गनीमत रही कि इसमें कोई घायल नहीं हुआ।
 

हालांकि, इस दौरान बचने के प्रयास में गिरने से सिपाही अंकुर के बायें हाथ पर चोट आई है। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर पर गोली लगी। उपचार के बाद उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
 
विज्ञापन

आरोपी सलीम ने किसी बात से क्षुब्ध होकर क्षमा की गला रेतकर हत्या की थी। बुधवार देर रात जब आरोपी को आलाकत्ल बरामदगी के लिए ले जाया गया तो उसने वहां छिपाकर रखे गए तमंचे से पुलिस टीम पर फायर कर दिया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में वह पैर में गोली लगने से घायल हुआ है। पूछताछ के बाद उसे जेल भेज दिया गया है।-भास्कर मिश्रा, सीओ सिकंदराबाद
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें