बजट की प्रतियां जलाकर सीआईटीयू के कर्मचारियों ने किया विरोध
साहिबाबाद। केंद्र सरकार द्वारा पेश किए गए बजट की प्रतियां जलाकर बुधवार को सीआईटीयू के बैनर तले कर्मचारी यूनियन ने साहिबाबाद साइट-4 में विरोध प्रदर्शन किया। आरोप है कि सरकार के बजट में कर्मचारियों और किसानों के लिए कुछ भी नहीं हैं। कर्मचारियों ने प्रदर्शन के दौरान खुलकर नाराजगी जाहिर की।
कामरेड जीएस तिवारी ने बताया कि सरकार के बजट में मजदूरों के लिए कुछ भी नहीं हैं। कोरोना काल से ही सरकार ने श्रम कानूनों को स्थगित किया हुआ है। इस कारण कंपनियों से निकाले गए कर्मचारियों की कहीं भी सुनवाई नहीं हो रही है। सिर्फ इतना ही नहीं, मजदूरों को उनके वेतन भत्ते भी मिलने कई जगह पर बंद हो गए हैं। जिससे उन्हें अपना परिवार पालने में दिक्कत हो रही है। वहीं किसान पिछले ढाई महीने से यूपी गेट पर कृषि कानूनों के खिलाफ आंदोलन कर रहे हैं। किसानों की मांग है कि सरकार तीनों कानूनों को वापस लेकर दोबारा से नया ड्राफ्ट तैयार करे, एमएसपी पर खरीद की गारंटी मिले, स्वामीनाथन आयोग की रिपोर्ट को लागू किया जाए। इस बीच गुस्साए कर्मचारियों ने बजट की कॉपी जलाकर अपना विरोध दर्ज कराया। प्रदर्शन करने वालों में जीएस तिवारी, जेपी शुक्ला , राकेश रोबिन, विजय सिंह, अनिल पांडेय, सुशील शर्मा, केके तोमर, मनोज शाह, फूलचंद, मुकेश पंडित मौजूद रहे।