गाजियाबाद के वैशाली सेक्टर 3 स्थित एक स्लम को गोद लेने के बाद कौशल युवा ट्रस्ट ने गरीबों के लिए मेडिकल हेल्थ कैंप का आयोजन किया। इस निशुल्क हेल्थ कैंप में गरीबों को उनकी हेल्थ समस्याओं को सुनने के बाद स्वस्थ रहने के लिए जरूरी बातों को भी बताया गया। इस कैंप में लगभग 50 परिवारों का बेसिक हेल्थ चेकअप भी किया गया।
एसआरएल डायग्नोस्टिक के तरफ से पंकज झा ने अपने विशेषज्ञ टीम के साथ लोगों का ब्लड सैंपल लिया तथा उन्हें खून के जांच का महत्व भी समझाया। जाने-माने डॉक्टर अंशुमान त्यागी ने लोगों को जरूरी हेल्थ जानकारियां देने के साथ उन लोगों को दवाएं भी लिखीं जो किसी बीमारी से जूझ रहे थे।
डॉ अंशुमान त्यागी ने लोगों को बताया कि अगर आप बीमारी से दूर रहना चाहते हैं तो बेसिक हाइजीन को मेनटेन करें बीमारी आप से दूर रहेगी। बासी खाना, खराब पानी किस तरह से बीमारी लाते हैं इसे भी लोगों को समझाया। बैक्सन होमियोपैथी से डॉक्टर अनीता अडाक ने भी इस कैंप में लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने के लिए अपना पूरा सहयोग दिया।
साथ ही यहां आए लोगों से वादा करवाया कि वो स्वच्छता से कोई समझौता नहीं करेंगे। इस अवसर पर कौशल युवा ट्रस्ट के फाउंडर ज्वॉयदीप लहरी, को फाउंडर, अंशुमान गुप्ता व अहमद उपस्थित थे। इस आयोजन के मकसद पर प्रकाश डालते हुए अंशुमान ने बताया हमारा मकसद उन लोगों तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना है जिससे वो लोग पूरी तरह से वंछित हैं जिनके पास इलाज के लिए पैसे नहीं हैं।