आरोपी बोले-जान प्यारी है या दाढ़ी
पीड़ित अब्दुल समद के मुताबिक, आरोपियों के पास कैंची भी थी। एक युवक ने दाढ़ी काटने के लिए कैंची लाने के लिए कहा तो उन्होंने आरोपियों के हाथ जोड़कर दाढ़ी न काटने की गुहार लगाई। इस पर आरोपियों ने कहा कि उन्हें जान प्यारी है या दाढ़ी। इस पर वह बेबस हो गए और युवकों ने कैंची से दाढ़ी काटनी शुरू कर दी। उन्होंने विरोध किया तो युवकों ने उनके साथ फिर से मारपीट शुरू कर दी।
पुलिस चेकिंग की बात कह गलत दिशा में दौड़ाया ऑटो
पीड़ित का कहना है कि रास्ते में तीन साथियों को बैठाने के बाद चालक ऑटो को रांग साइड में दौड़ाने लगा। कारण पूछने पर चालक ने कहा कि आगे पुलिस चेकिंग कर रही है, उसी से बचने को थोड़ी दूर रांग साइड चलना है। पीड़ित के मुताबिक इसके बाद आरोपियों ने जबरदस्ती कपड़े से उनकी आंखें ढक दीं और मारपीट करते हुए सुनसान जगह ले गए।
बाइक पर बैठाकर सुनसान इलाके में छोड़ा
अब्दुल समद का कहना है कि तीन घंटे तक बंधक बनाकर यातनाएं देने के बाद युवक उन्हें बाइक पर बैठाकर सुनसान इलाके में सड़क किनारे छोड़ गए। यहां से कई किलोमीटर पैदल चलकर वह दिल्ली-सहारनपुर मार्ग पर पहुंचे और ऑटो से सीमापुरी दिल्ली निवासी रिश्तेदार के घर आ गए। वह काफी परेशान थे, लिहाजा अगले दिन रिश्तेदार को साथ लेकर लोनी बॉर्डर थाने में तहरीर दी।
पुलिस ने दूसरे दिन हल्की धारा में दर्ज किया केस
6 जून को पीड़ित की तहरीर आने के बाद लोनी बॉर्डर पुलिस ने 7 जून को केस दर्ज किया, लेकिन केस में सिर्फ मारपीट की धाराएं लगाईं। अभी तक पुलिस एक भी आरोपी को गिरफ्तार नहीं कर सकी। वहीं, दाढ़ी काटने की वीडियो सोमवार को सोशल मीडिया पर वायरल हो गई, जिसके बाद पुलिस हरकत में आ गई।
दो आरोपी हुए ट्रेस, एक पहले से जेल में
सीओ लोनी अतुल सोनकर का कहना है कि पीड़ित ने मारपीट की तहरीर दी थी, जिसके आधार पर केस दर्ज किया गया था। दो आरोपियों को ट्रेस कर लिया गया है। एक आरोपी का नाम प्रवेश गुर्जर है, जो किसी अन्य मामले में जेल में बंद है। उसे पुलिस कस्टडी रिमांड पर लिया जाएगा। सभी आरोपियों की तलाश की जा रही है। सीओ का कहना है कि आरोपियों पर धाराएं बढ़ाई जाएंगी।