पिलखुवा कोतवाली क्षेत्र में सोलह वर्षीय किशोर की ईंटों के पीट पीटकर हत्या कर दी और शव गन्ने के खेत में छिपा दिया। परिजनों ने पहले कोतवाली में गुमशुदगी की तहरीर दी थी। पुलिस ने जांच शुरू की और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। फुटेज में मृतक के साथ दो युवक दिखाई दिए, जिनके आधार पर पुलिस ने आरोपियों की पहचान कर देर रात उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, गांव नहाली निवासी हिमांशु पुत्र नरेश को पिलखुवा में दतेंडी गेट के पास स्थित एक प्रॉपर्टी डीलर के ऑफिस में कार्य करता था। दो दिन पहले उसे दो युवक बाइक पर बिठाकर कहीं ले गए। तभी से वह लापता था। मंगलवार रात इसका शव नहाली के जंगल में एक खेत में नग्न अवस्था में पड़ा मिला। आरोपियों ने उसे गन्ने के खेत में ले जाकर ईटों से पीट-पीटकर मार डाला। इसके बाद उसके कपड़े उतारकर पेट्रोल डालकर जला दिए और शव को खेत में छुपा दिया, ताकि पहचान न हो सके।
आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस को शव नग्न अवस्था में खेत से बरामद हुआ। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। दोनों ने पूछताछ में हत्या की बात कबूल की। पुलिस ने घटनास्थल से सबूत और उनके पास से बाइक भी बरामद की है। प्रारंभिक जांच में पता चला कि कुछ वर्ष पहले एक आरोपी की बहन से छेड़खानी का आरोप हिमांशु पर लगा था, जिसे हत्या की वजह माना जा रहा है। सीओ अनीता चौहान ने बताया कि दोनों आरोपी पुलिस हिरासत में हैं, केस के सभी तथ्य स्पष्ट कर दिए गए हैं और आवश्यक कार्रवाई जारी है।