गाजियाबाद। सिहानी गेट थाना क्षेत्र के लोहामंडी इलाके से अपहृत रामप्रकाश को पुलिस ने सकुशल बरामद कर मामले में एक आरोपी ब्रजेश निवासी राहुल विहार, दौलतपुरा को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि रामप्रकाश जिस स्क्रैप कारोबारी नसरुद्दीन के यहां नौकरी करता था, उसके कैंटर को जीएसटी की टीम ने पकड़ लिया था। नसरुद्दीन और ब्रजेश को शक था कि उनका माल रामप्रकाश ने पकड़वाया है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त कार व मोबाइल फोन भी बरामद किया है। फरार नसरुद्दीन की गिरफ्तारी के लिए पुलिस दबिश दे रही है।
एसीपी रवि कुमार सिंह ने बताया कि राहुल विहार निवासी रामप्रकाश की पत्नी खुशबू ने सिहानी गेट थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनके पति का ब्रजेश व अन्य ने अपहरण कर लिया है। उनका फोन भी बंद आ रहा है। पुलिस ने तत्परता से कार्रवाई करते हुए रामप्रकाश को सकुशल बरामद कर लिया। मामले में ब्रजेश को मेरठ रोड से गिरफ्तार किया गया। ब्रजेश ने पूछताछ में बताया कि वह स्क्रैप कारोबारी नसरुद्दीन के यहां कैंटर चलाता है। वह स्क्रैप लेकर जा रहा था तभी जीएसटी अधिकारियों ने उसको पकड़ लिया। उसको शक था कि जीएसटी अधिकारियों को रामप्रकाश ने सूचना दी थी, इसी वजह से उन्होंने रामप्रकाश का अपहरण कर लिया था। वह उसको डराकर उससे उस धनराशि को वसूलना चाहते थे, जो उन्होंने जीएसटी विभाग में जुर्माने के रूप में जमा की थी। एसीपी ने बताया कि स्क्रैप कारोबारी नसरुद्दीन की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीम दबिश दे रही है। इस प्रकरण में अन्य लोगाें की भूमिका की पुलिस जांच कर रही है।