गाजियाबाद। कविनगर के मॉडल टाउन में कारोबारी अभिनव गोयल से बहुमंजिला इमारत के मेंटेनेंस के नाम पर 22 लाख की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। मामले में कोर्ट के आदेश पर दो महिलाओं समेत छह लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी समेत अन्य धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
अभिनव गोयल ने बताया कि उनकी कंपनी बहुमंजिला इमारतों के मेंटेनेंस का काम करती है। उन्होंने एक सोसायटी की मेंटेनेंस, रंगाई पुताई आदि के लिए ठेकेदार राधेयाम, आकाश, सतेंद्र, मयंक आदि के 22 लाख रुपये अलग-अलग तारीखों में उनके खाते में दिए थे लेकिन रुपया लेने के बाद भी उन्होंने काम नहीं किया और रुपये मांगने पर जान से मारने की धमकी देने लगे। परेशान होकर उन्होंने थाने में शिकायत दी लेकिन पुलिस ने सुनवाई नहीं की। उन्होंने अंत में कोर्ट में गुहार लगाई। कोर्ट ने मामले में मुकदमा दर्ज करने के आदेश दिए। इस बारे में एसीपी अभिषेक श्रीवास्तव ने बताया कि जांच की जा रही है।
कमाई का झांसा देकर 22 हजार की ठगी
राजनगर एक्सटेंशन में युवक को कमाई का झांसा देकर ठग ने उनसे 22 हजार रुपये अपने खाते में ट्रांसफर करा लिए। मनोज कुमार ने बताया कि उनके मोबाइल पर मैसेज आया था। आरोपी ने उनसे कहा कि उनको लाइक, रिव्यू करने पर रोजाना घर बैठे कमाई होगी। लालच में आकर उन्होंने मैसेज खोला। उसमें जैसे ही उन्होंने रिव्यू की प्रक्रिया शुरू की तो आरोपी ने कहा कि इसमें उनको कुछ निवेश करना पड़ेगा। उसकी बातों में आकर उन्हाेंने आरोपी के खाते में दो बार में 22 हजार रुपये ट्रांसफर कर दिए लेकिन उनके खाते में मात्र 70 रुपये आए। अब उन्होंने थाने में शिकायत दी। पुलिस ने प्रकरण की जांच शुरू कर दी। एसीपी रवि कुमार ने बताया कि जांच कराई जा रही है।