खोड़ा। नगरपालिका परिषद के अधिकारी आगामी कांवड़ यात्रा को लेकर तैयारियों में जुट गए हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए पालिका ने करीब 17 लाख रुपये की कार्ययोजना तैयार की है। टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद एक अगस्त से कांवड़ मार्ग पर तैयारियां शुरू कर दी जाएंगी।
नगरपालिका अधिशासी अधिकारी अवनीश कुमार शुक्ला ने बताया कि खोड़ा-हिंडन मार्ग पर कांवड़ शिविर बनाया जाएगा। श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए मार्ग पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। रात्रि में सुरक्षित आवागमन सुनिश्चित करने के लिए अतिरिक्त लाइट लगवाई जाएंगी। शिविरों में कांवड़ियों के लिए भोजन, पेयजल और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने की व्यवस्था रहेगी। उन्होंने बताया कि कांवड़ मार्ग पर नियमित सफाई कराई जाएगी और जरूरत के अनुसार पानी के टैंकर तैनात किए जाएंगे, मोबाइल टॉयलेट और चिकित्सा टीम भी मौजूद रहेगी। इसके अलावा सफाई व्यवस्था, पानी की आपूर्ति और अन्य इंतजामों की 24 घंटे निगरानी की जाएगी। संबंधित विभागों के साथ समन्वय बनाकर व्यवस्थाओं को पूरा किया जाएगा, जिससे यात्रा के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो।
-