डीआईजी लक्ष्मी सिंह ने बुधवार को मोदीनगर हाईवे, कांवड़ मार्ग और छोटा हरिद्वार गंगाघाट का निरीक्षण किया। वह करीब 20 मिनट तक गंगनहर पर रुकी रहीं और कांवड़ यात्रा से संबंधित व्यवस्थाओं का जायजा लिया। एसएसपी केएस इमेनुएल, एसपी देहात राकेश पांडे, सीओ सदर पवन कुमार उनके साथ रहे।
डीआईजी लक्ष्मी सिंह बुधवार दोपहर करीब तीन बजे मोदीनगर राज चौराहे पर पहुंचीं और व्यवस्थाओं को जायजा लेते हुए सेवा शिविर संचालकों से बातचीत की। इसके अलावा उन्हें समझदारी के साथ शिविर चलाने के दिशा निर्देश दिए। करीब चार बजे डीआईजी ने छोटा हरिद्वार गंगाघाट व कांवड़ मार्ग का निरीक्षण किया।
पुलिस की चाक चौबंद सुरक्षा व्यवस्था देख डीआईजी ने पुलिस अधिकारियों की हौसलाअफजाई की। डीआईजी ने पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए कि कांवड़ के दौरान हर छोटी से छोटी गतिविधि पर ध्यान रखी जाए। गंगनहर पर डीआईजी ने पुलिस कंट्रोल रूम पर पुलिस अधिकारियों की बैठक ली। बाद में कांवड़ मार्ग, सोनिया विहार रेगुलेटर होते गंगनहर पटरी का निरीक्षण किया।
मोटर बोट में बैठने को लेकर कांवड़ियों का हंगामा
गंगनहर छोटा हरिद्वार गंगाघाट पर बुधवार को पीएसी की मोटर बोट पर बैठने को लेकर कांवड़ियों और पीएसी के जवानों के बीच कहासुनी हो गई। इसके बाद कांवड़ियों ने जमकर हंगामा काटा। बाद में एसडीएम और सीओ ने कांवड़ियों को समझाकर शांत कराया।
गंगनहर छोटा हरिद्वार गंगाघाट पर कांवड़ियों की सुरक्षा के लिए पीएसी की मोटर बोट और गोताखोर तैनात है। बुधवार दोपहर करीब दो बजे दिल्ली के कांवड़ियों का जत्था गंगनहर पुल के पास आकर रुका। कुछ कांवड़िए छोटा हरिद्वार घाट पर नहाने चले गए। इसी दौरान कुछ कांवड़िए पीएसी की मोटर बोट पर बैठने लगे।
स पर पीएसी के गोताखोरों ने आपत्ति जताई तो दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई। इसके बाद कांवड़ियों ने हंगामा शुरू कर दिया। मौके पर पहुंचे एसडीएम अतुल कुमार और सीओ सदर पवन कुमार ने कांवड़ियों को समझाकर मामला शांत कराया।
कांवड़ शिविर में सोने की अंगूठी चोरी होने पर विवाद
सीएचसी के पास लगे कांवड़ सेवा शिविर में बुधवार को सोने की अंगूठी चोरी होने पर कांवड़ियों के बीच विवाद हो गया। पुलिस ने दोनों पक्षों का समझाकर शांत कराया।
दिल्ली और दादरी निवासी किन्नर कांवड़ियों के दो गुट बुधवार को सीएचसी के पास स्थित कांवड़ सेवा शिविर में रुके।
इस दौरान एक कांवड़िए ने दूसरे पर सोने की अंगूठी चुराने का आरोप लगाया। इसके चलते दोनों गुटों के विवाद हो गया। हंगामे की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को समझाकर शांत कराया।
दो बाइक भिड़ीं, एक कांवड़िया घायल
बस स्टैंड के निकट बुधवार सुबह दो बाइकों की भिड़ंत हो गई। हादसे में बाइक सवार एक कांवड़िया घायल हो गया। घायल कांवड़िए को सरकारी अस्पताल ले जाया गया। जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उसे गाजियाबाद रेफर कर दिया गया। मंगोलपुरी (दिल्ली) निवासी ज्ञानचंद बुधवार को बाइक से हरिद्वार से गंगाजल लेकर लौट रहे थे।
बस स्टैंड के निकट पीछे से आ रही तेजरफ्तार बाइक ने टक्कर मार दी। हादसे में ज्ञानचंद घायल हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने 108 स्वास्थ्य सेवा गाड़ी बुलाकर घायल को सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया।
कई कांवड़ सेवा शिविरों का उद्घाटन
ब्रिज विहार कालोनी के सामने लगे कांवड़ शिविर का उद्घाटन बुधवार को भाजपा नेता और पूर्व सांसद डा.रमेशचंद तोमर ने किया। खिमावती प्रधान अनिल त्यागी, रवि त्यागी, मनोज त्यागी, रामोतार त्यागी आदि मौजूद रहे। चर्च कंपाउड के पास भाजपा महानगर अध्यक्ष अजय शर्मा ने कांवड़ सेवा शिविर का उद्घाटन किया।
डा.केशव त्यागी, संजीव त्यागी, बोबी त्यागी, ज्ञानेंद्र सिंहल, डा.मुकेश शर्मा, अरविंद भारतीय, सुबोध त्यागी, शिवनाथ चौधरी, राजीव अग्रवाल, सतीश त्यागी आदि मौजूद रहे। इसके अलावा बस स्टैंड पर बसपा विधायक वहाब चौधरी और मुरादनगर विधानसभा प्रत्याशी सुधन रावत ने देवी अहिल्याबाई होल्कर शिव कांवड़ सेवा शिविर का उद्घाटन किया। अजीतपाल, विनोद धनकर आदि मौजूद रहे।