जलाभिषेक के लिए सोमवार को सभी शिवालयों में भक्तों की भारी भीड़ उमड़ी। बोल बम और हर हर महादेव के जयकारों से सभी मंदिर देर शाम तक गूंजते रहे। शिवरात्रि के दिन भोले बाबा पर अपार श्रद्धा के साथ कांवड़ियों ने जल चढ़ाया।
दूधेश्वरनाथ मंदिर में रविवार रात से ही भक्तों की लंबी कतार लगनी शुरू हो गई थी। सोमवार देर रात तक भक्त जलाभिषेक को पहुंचे। इस बार करीब पांच लाख कांवड़ियों ने दूधेश्वरनाथ मंदिर में जलाभिषेक किया।
सोमवार सुबह 4.41 बजे भगवान आशुतोष के शृंगार के बाद महंत नारायण गिरि ने दूधेश्वरनाथ की भव्य आरती की। महंत नारायण गिरि, वेद विद्यापीठ के आचार्य लक्ष्मीकांत पाढ़ी और छात्रों ने मंत्रोच्चार के साथ जलाभिषेक किया।
इसके बाद दोबारा से चतुर्दशी का जल चढ़ना शुरू हुआ। मंदिर में शाम को 108 तरह के प्रसाद का भोग लगाया गया। इस दौरान समाजसेवी एवं मंदिर विकास समिति अध्यक्ष धर्मपाल गर्ग, विजय मित्तल, मीडिया प्रभारी एसआर सुथार, अनिल अग्रवाल मुख्य रूप से मौजूद रहे।
- देर रात डीएम सहित अन्य अधिकारियों ने किया जलाभिषेक
दूधेश्वरनाथ मंदिर में रविवार रात बारह बजे डीएम निधि केसरवानी सहित एसएसपी केएस एमेनुअल, सासंद सुरेंद्र गोयल, ललित जायसवाल, सिटी मजिस्ट्रेट बीडी सिंह ने जलाभिषेक किया। मंदिर परिसर में पूरे दिन एसपी सिटी सलमान ताज, एसपी क्राइम श्रवण कुमार, एएसपी आशीष श्रीवास्तव, राजेश कुमार ड्यूटी पर तैनात रहे।
पांच महीने की बच्ची ने भी चढ़ाया जल
प्रताप विहार की रहने वाली एक महिला अपने पांच महीने की बेटी के साथ कांवड़ लेकर आई। मंदिर में महिला ने पांच महीने की बच्ची को जमीन पर दंडवत कराकर जल चढ़वाया। उसने बताया कि बेटी शादी के कई साल बाद पैदा हुई थी। बच्चे के लिए मन्नत मांगी थी इसलिए वह कांवड़ लेकर आई थी। इसके अलावा कई अन्य कांवड़ियां भी दंडवत होकर मंदिर तक पहुंचे।
बड़ी संख्या में डाक कांवड़ भी पहुंची मंदिर
मंदिर परिसर में डाक कांवड़ियों ने भी बड़ी संख्या में चल चढ़ाया। लगभग 11 डाक कांवड़ियों का जत्था मंदिर पहुंचा। उसमें से लकी डाक कांवड़ सबसे कम समय में पहुंचा था।
आवाम सोशल वेलफेयर सोसायटी ने लगाया कांवड़ शिविर
हिंदू-मुस्लिम एकता का परिचय देते हुए इस बार शिव भक्त कांवड़ियों की सेवा के लिए आवाम सोशल वेलफेयर सोसायटी शिविर लगाया। मेरठ रोड पर लगाए गए इस शिविर में कांवड़ियों के लिए जूस और फलों का प्रबंध किया गया था।
सोसायटी की अध्यक्षा आफशा खान का कहना था कि भारत एक गुलदस्ता है, जिसमें अलग-अलग धर्म हैं। सभी धर्म आपसी प्यार और इंसानियत का संदेश देते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि भारत के प्रत्येक व्यक्ति के अंदर देशभक्ति का भी जुनून होना चाहिए।
रोडरेज में कांवड़ियों में मारपीट
तेल मिल कालोनी के पास सोमवार सुबह रोडरेज में कांवड़ियों के बीच जमकर मारपीट हुई। मारपीट में एक कार के शीशे भी तोड़ दिए गए। सूचना पर पहुंची पुलिस दोनों पक्षों को कोतवाली ले आई और समझौता होने पर मामला रफा दफा कर दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक सुबह करीब आठ बजे मोदीनगर के कांवड़िए हरिद्वार से जल लेकर कार से लौट रहे थे। तेल मिल कालोनी के पास कट पर तेल मिल कालोनी के कांवड़िए ट्रैक्टर से तेल मिल की ओर जा रहे थे।
इसके दौर कार और ट्रैक्टर की टक्कर हो गई। हादसे में तीन कांवड़िए घायल हो गए। बताया गया है कि इसके बाद कांवड़ियों के बीच जमकर मारपीट शुरू हो गई। कांवड़ियों ने कार के शीशे तोड़ दिए। कोतवाली प्रभारी ने बताया कि समझौता होने पर सभी को छोड़ दिया गया है।
कड़ी सुरक्षा के बीच हुआ जलाभिषेक
शिवरात्रि के मौके पर गाजियाबाद के प्रमुख मंदिरों में कड़ी सुरक्षा के बीच जलाभिषेक हुआ। जलाभिषेक के दौरान करीब 250 पुलिसकर्मी और 20 कमांडो मौजूद रहे।
एसपी सिटी ने बताया कि शिवरात्रि के जलाभिषेक के दौरान करीब 150 पुलिसकर्मी और 10 कमांडो दूधेश्वरनाथ मंदिर पर सुरक्षा व्यवस्था में तैनात रहे।
इस दौरान पुलिसकर्मी मंदिर के बाहर और अंदर कांवड़ियां के वेष में और सिविल ड्रेस में मौजूद रहे। कांवड़ियों और श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए मोहन नगर मंदिर, रामघाट मंदिर डासना गेट, स्वंभू मंदिर कविनगर, शिव मंदिर नेहरू नगर और शालीमार गार्डन स्थित शिव चौक पर करीब 100 पुलिसकर्मी और 10 कमांडों मौजूद रहे।
एनएच-58 पर वाहनों की आवाजाही शुरू
शिवरात्रि के जलाभिषेक के बाद हाईवे पर पुलिस प्रशासन ने वाहनों का संचालन शुरू करा दिया। हालांकि अभी हाईवे पर चार पहिया वाहनों और थ्रीव्हीलरों की ही आवाजाही शुरू हुई है। कांवड़ यात्रा के चलते दस दिन से एनएच-58 पर भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक लगी थी।
हाईवे पर कांवड़ियों की संख्या बढ़ने पर करीब सात दिन पहले थ्रीव्हीलरों का संचालन भी बंद कर दिया गया था। इससे लोगों को काफी परेशानी झेलनी पड़ रही थी। रविवार देर शाम से मोदीनगर मुरादनगर स्थित शिवालयों में जलाभिषेक के बाद एनएच-58 पर वाहनों की आवाजाही पर लगी पाबंदी हटा दी गई।
उधर, पिछले दस दिनों से चला आ रहा कांवड़ मेला शिव जलाभिषेक के बाद संपन्न होने पर पुलिस-प्रशासन ने राहत की सांस ली है।
पेड़ से टकराई डाक कांवड़ की मेटाडोर, चालक घायल
मोदीनगर। तेल मिल कालोनी के सामने सोमवार दोपहर असंतुलित होकर एक डाक कांवड़ की मेटाडोर पेड़ से जा टकराई। हादसे में चालक घायल हो गया।
एसओ बृजेश शर्मा ने बताया कि सोमवार दोपहर करीब दो बजे दिल्ली के दल्लुपुरा निवासी कांवड़िए हरिद्वार से डाक कांवड़ लेकर लौट रहे थे।
तेल मिल गेट कालोनी के पास अचानक मेटाडोर असंतुलित हो गई और कट से होते हुए विपरीत साइड में स्थित पेड़ जा टकराई। हादसे में मेटाडोर चालक बिट्टू के पैर में फ्रैक्चर हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को अस्पताल में पहुंचाया और मेटाडोर को क्रेन के जरिए सड़क से हटाया। कांवड़िए बाइकों से डाक कांवड़ लेकर दिल्ली के लिए रवाना हुए।
बाइक चोर सीसीटीवी कैमरे में कैद
मोदीनगर। सौंदा रोड के पास स्थित एक बैंक के बाहर से सोमवार शाम बाइक चोरी हो गई। पीड़ित ने कोतवाली में तहरीर दी है। शिवपुरी कालोनी निवासी गजे शर्मा सोमवार शाम सौंदा रोड के पास स्थित यूनियन बैंक में किसी काम से आए थे। यहां से चोरी उनकी बाइक चोरी कर ले गए। एसओ बृजेश शर्मा ने बताया कि चोर सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया है, उसकी तलाश की जा रही है।
लूट का विरोध करने पर कांवड़िए को मारी गोली, घायल
हरिद्वार से जल लेकर लौट रहे दो कांवड़ियों के साथ बाइक सवार तीन बदमाशों ने लूटपाट की। विरोध करने पर एक कांवड़िए के पैर में गोली मारकर घायल कर दिया जबकि दूसरे को काफी दूर तक अगवा कर ले गए और सड़क किनारे फेंक दिया।
वारदात सोमवार तड़के करीब साढ़े तीन बजे हिंडन बैराज के नजदीक अंतरिक्ष अपार्टमेंट के सामने सामने हुई। एनएच-24 स्थित बुद्ध विहार कालोनी निवासी रमेश साथी बंशी के साथ कांवड़ लेकर आ रहे थे।
इसी दौरान एक बाइक पर सवार तीन बदमाश आए। बदमाशों ने रमेश से बैग छीन लिया, जिसमें एक महंगा कैमरा, मोबाइल फोन और डेढ़ हजार रुपये थे। विरोध करने पर रमेश के पैर में गोली मार दी।
बदमाशों ने बंशी से मारपीट कर उसे बाइक पर बैठा लिया और करीब दो किलोमीटर आगे जाकर सड़क किनारे फेंक दिया। बदमाश एनएच-24 पर उसी तरफ भागे, जहां पुलिस की पीसीआर वैन खड़ी थी।
थोड़ी देर बाद हिंडन बैराज की तरफ आए कांवड़ियों को रमेश ने वारदात की जानकारी दी। कांवड़ियों ने पुलिस को फोन किया। मौके पर पहुंची पुलिस ने रमेश को दिल्ली के जीटीबी अस्पताल में भर्ती कराया। विजयनगर पुलिस दोपहर तक वारदात को मीडिया से छिपाती रही। बाद में एसपी सिटी ने घटना की पुष्टि की।