- नजदीक आ रही थी शादी की तिथि, पुलिस ने बिहार भिजवाई महिला बैंक मैनेजर - दूसरे मामले में सगाई करने के लिए वधू पक्ष की मदद के लिए आगे आई पुलिस --------------------------------------------------- माई सिटी रिपोर्टर गाजियाबाद। लॉकडाउन के पहले और दूसरे चरण में बीमारों को इलाज व भूखों को राशन मुहैया कराने वाली पुलिस लॉकडाउन के तीसरे चरण में शादी की डोर मजबूत करने में भी मददगार साबित हो रही है। शादी की तारीख निकट आने से चिंतित महिला बैंक मैनेजर को पुलिस ने बिहार पहुंचाया तो वहीं, दूसरे मामले में सगाई करने के लिए वधू पक्ष कि मदद के लिए पुलिस आगे आई। दोनों युवतियों के परिजनों ने पुलिस का आभार जताया है। केस एक : महिला बैंक मैनेजर ने लगाई आईएएस मामा से सिफारिश.... मधुबनी बिहार निवासी मीतू झा पंजाब नेशनल बैंक में मैनेजर हैं और इंदिरापुरम क्षेत्र में बहन के साथ किराए के फ्लैट में रहती हैं। मीतू ने बताया कि बिहार में उनकी शादी तय हो चुकी है। लॉकडाउन के चलते शादी की तारीख कई बार बदली गई, लेकिन इस बार लड़का पक्ष ने 18 मई का शुभ मुहूर्त निकालकर उनके परिजनों को बता दिया। साथ ही कहा कि वह अपनी बिटिया को इस तारीख से पूर्व किसी भी तरह से बिहार जरूर बुला लें। मीतू ने बताया कि काफी प्रयास के बाद भी वह बिहार जाने का पास बनवाने में कामयाब नहीं हो सकी थी। इसके बाद उसने बिहार में रहने वाले अपने मामा एवं आईएएस अफसर से मदद मांगी। मीतू के मामा पूर्व से ही सीओ साहिबाबाद से परिचित थे, लिहाजा उन्होंने सीओ राकेश मिश्र को कॉल कर मीतू की मदद के लिए कहा। सीओ ने पास बनवाने में मीतू की मदद की बिहार जाने का रास्ता साफ किया। मीतू ने सीओ राकेश मिश्र मैं गाजियाबाद पुलिस का आभार जताया। केस 2 : पुलिस मदद न करती तो अटक जाती सगाई .... राजेन्द्र नगर निवासी शिवानी का रिश्ता वसुंधरा निवासी युवक से तय था। लॉकडाउन के कारण शिवानी के परिजन सगाई लेकर लड़का पक्ष के घर वसुंधरा नहीं जा पा रहे थे। कई बार उन्होंने प्रयास भी किया, लेकिन पुलिस ने उन्हें पकड़ कर लौटा दिया। जिसके बाद उन्होंने सीओ साहिबाबाद से संपर्क साधा और सोशल डिस्टेंंसिंग व लॉकडाउन का पूर्ण पालन करने का भरोसा उन्हें दिया। सीओ की इजाजत लेकर घर के पांच लोग दो गाड़ियों में वसुंधरा पहुंचे और सगाई की रस्म पूरी की। ------------- इनसेट .... 3 दिन बाद है शादी, राजा ने मांगी परमिशन.... इंदिरापुरम के मकनपुर गांव में रहने वाले राजा नामक युवक ने भी प्रशासनिक अफसरों से अपनी बारात अलीगढ़ के जट्टारी ले जाने की इजाजत मांगी है। राजा का कहना है कि 8 मई को उसकी शादी है। पांच लोगों के साथ बारात ले जाने के लिए उसने कई बार अफसरों से मदद मांगी। वह पांच बार डीएम दफ्तर गया, लेकिन उसे परमिशन नहीं मिली।