मुरादनगर। नगर की प्रीत विहार कॉलोनी में बदमाशों ने कारोबारी सुनील कुमार के बंद मकान का ताला तोड़कर नकदी समेत करीब 25 लाख रुपये के गहने चोरी कर लिए। घटना के समय परिवार शादी समारोह में गया था। समारोह से लौटने पर परिवार को घटना की जानकारी हुई।
प्रीत विहार कॉलोनी के रहने वाले सुनील कुमार दूध कारोबारी हैं। सुनील कुमार के अनुसार बृहस्पतिवार रात वह परिवार समेत गाजियाबाद एक शादी समारोह में गए थे। शुक्रवार को लौटे तो मकान का ताला टूटा मिला। मकान में सारा सामान अस्त व्यस्त था। आरोप है कि बदमाश मकान का ताला तोड़कर 2.60 लाख रुपये की नकदी, करीब 20 तोले सोने के गहने और ढाई किलो चांदी व लैपटॉप, कपड़े समेत अन्य कीमती सामान चोरी कर ले गए। एसीपी मसूरी का कहना है कि रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।