गोविंदपुरी स्थित मैन मार्केट में बृहस्पतिवार सुबह दुकान खोलते ही सराफ गिरधारी लाल सोनी की कैंची से गोदकर हत्या कर दी। आरोपी ने तमंचे से फायरिंग भी की। आरोपी को भीड़ ने दबोच लिया और उसकी पिटाई कर पुलिस के हवाले कर दिया।
गोविंदपुरी कॉलोनी की मैन मार्केट के रहने वाली गिरधारी लाल सोनी सराफा कारोबारी थे। घर के बाहर ही उनकी गिरधारी लाल एंड सन ज्वेलर्स' के नाम से दुकान है। परिजनों ने बताया की सुबह करीब नौ बजे गिरधारी लाल दुकान खोलकर साफ सफाई करने लगे तभी पैदल आए एक हमलावर ने उन पर कैंची से ताबड़तोड़ वार किए।
प्रत्यक्षदर्शीयों के अनुसार आरोपी ने तमंचे से फायरिंग भी की जैसे वह दोबारा फायरिंग करने लगा तभी भीड़ ने उसे दबोच लिया। भीड़ ने आरोपी की धुनाई करने के बाद उसे पुलिस के हवाले कर दिया। परिजन सराफ को एक निजी अस्पताल ले गए जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना से व्यापारियों और लोगों में रोष पैदा हो गया। विरोध में व्यापारियों ने अपनी दुकानें बंद कर धरना शुरू कर दिया। विधायक डॉ. मंजू शिवाच ने मौके पर पहुंच कर व्यापरियों से बात की। एडीसीपी अलोक प्रियदर्शी भी पुलिसबल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्हें लोगों के विरोध का सामना करना पड़ा।