साहिबाबाद। शालीमार गार्डन एक्सटेंशन दो के गिरधर प्लाजा में सोमवार को दिनदहाड़े चोरों ने टाइल्स कारोबारी और अधिवक्ता के घर से 45 लाख के गहने व 1.45 लाख की नकदी चोरी कर ली। चोरों ने मेन गेट का कुंडा काटकर घटना को अंजाम दिया।अधिवक्ता ताला लगाकर कड़कड़डूमा कोर्ट गए थे। सूचना पर डीसीपी, एसीपी साहिबाबाद थाना प्रभारी, शालीमार गार्डन थानाध्यक्ष ने पहुंचकर जांच शुरू की।
मूलरूप से आजमगढ़ निवासी विक्रम शुक्ला दिल्ली कड़कड़डूमा कोर्ट में अधिवक्ता हैं। वह गुजरात की एक टाइल्स कंपनी के कारोबारी भी हैं। वह शालीमार गार्डन एक्सटेंशन-2 में गिरधर प्लाजा के दूसरे फ्लोर पर फ्लैट में अकेले रहते हैं। वह सोमवार सुबह 9:45 बजे घर पर ताला लगा कर दिल्ली कड़कड़डूमा कोर्ट गए थे। रात 8:45 बजे घर लौटे तो मेन गेट का कुंडा कटा हुआ था। अंदर जाकर देखा तो तीन कमरे और ड्राइंग रूम का सामान बिखरा पड़ा था। उन्होंने बताया कि चोरों ने अलमारी खोलकर लॉकर और 1.45 लाख रुपये चोरी कर लिए। लॉकर में करीब 45 लाख रुपए के गहने रखे थे। चोरों ने वहां अन्य सामान भी खंगाला और मौका पाकर लॉकर व नकदी लेकर फरार हो गए। उन्होंने तुरंत पुलिस को घटना की सूचना दी। कंट्रोल रूम पर सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारियों के होश उड़ गए। डीसीपी ट्रांस हिंडन विवेक चंद्र, एसीपी भास्कर वर्मा और साहिबाबाद थाना प्रभारी सचिन मलिक, शालीमार गार्डन थानाध्यक्ष रवि शंकर पांडे जांच टीम व पुलिस फोर्स के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। कारोबारी का कहना है कि चोरों ने नकदी और गहनों के अलावा कोई अन्य सामान चोरी नहीं किया।
मार्केट और रोड पर लोगों की आवाजाही, फिर भी चोरी :
गिरधर प्लाजा में ग्राउंड फ्लोर और अपर ग्राउंड फ्लोर पर बैंक के अलावा दुकानें हैं जबकि मुख्य रास्ते पर देर रात तक लोगों की आवाजाही रहती है। इसके बावजूद दिनदहाड़े चोरी की घटना से सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
चोरों ने घटना से पहले मोड़ दिया सीसीटीवी :
चोरों ने घटना को अंजाम देने के लिए अधिवक्ता के फ्लैट के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे को भी ऊपर की तरफ मोड़ दिया। सिर्फ इतना ही नहीं, उस फ्लोर पर पांच अन्य फ्लैट में रहने वाले परिवार के लोगों को भी चोरी की भनक नहीं लगी।
बिल्डिंग में सुरक्षा गार्ड भी तैनात, हुई पूछताछ
घटनास्थल पर जांच करने पहुंचे पुलिस अधिकारियों को पता चला कि गिरधर प्लाजा में लोगों की सुरक्षा के लिए सुरक्षा गार्ड भी तैनात रहता है। उसको सीसीटीवी कैमरा की निगरानी की भी जिम्मेदारी मिली हुई है। घटना के बाद वह अचानक गायब हो गया तो पुलिस को उस पर शक होने लगा लेकिन वह कुछ देर बाद ही वहां पहुंच गया तब पुलिस ने उससे पूछताछ की।
क्राइम ब्रांच के अलावा जांच में लगी पांच टीमें
डीसीपी ट्रांस हिंडन विजय चंद्र का कहना है कि चोरी की जांच में क्राइम ब्रांच के अलावा थानों की पांच टीमें लगी हैं। जल्द सुराग मिलने पर घटना का खुलासा किया जाएगा।