साहिबाबाद। टीला मोड़ थाना क्षेत्र के भोपुरा में दो चोरों ने नशा मुक्ति केंद्र से सोने के गहने और नकदी समेत अन्य सामान चुरा लिया। घटना 25 मार्च को देर रात में हुई । आरोप है कि पुलिस ने शिकायत के बावजूद 22 दिन में चोरी का मुकदमा दर्ज किया। दोनों चोर सीसीटीवी कैमरे में कैद हुए हैं।
दिल्ली शाहदरा में छोटा बाजार के पास रहने वाले अनिल कुमार का भोपुरा में आसरा फाउंडेशन के नाम से नशा मुक्ति केंद्र है। उन्होंने बताया कि 25 मार्च की रात दो चोर मेन दरवाजे की दीवार कूदकर अंदर घुस गए थे। दोनों चोरों ने कमरे में रखे चार फोन, पर्स, आधार कार्ड, लाइसेंस, डेबिट कार्ड, 15,000 की नकदी के साथ सोने की अंगूठी और कंपनी के जूते चोरी कर लिए। वह सुबह घर से नशा मुक्ति केंद्र पर पहुंचे तो उन्हें फोन और अन्य सामान गायब मिला। सीसीटीवी फुटेज देखने पर पता चला कि दो चोरों ने घटना को अंजाम दिया है। उन्होंने टीला मोड़ थाना पुलिस को चोरी की शिकायत देकर चोरों को पकड़ने की मांग की। आरोप है कि अगले दिन वह पुलिस चौकी और थाने पर मुकदमे की कॉपी लेने पहुंचे तो उन्हें जांच करने का आश्वासन देकर वापस भेज दिया । उन्होंने 19 अप्रैल को पुलिस अधिकारी से मिलकर चोरी का मुकदमा दर्ज कराया है। एसीपी शालीमार गार्डन सिद्धार्थ गौतम का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज से चोरों की पहचान कर टीम उन्हें तलाश करने में जुटी है।