खोड़ा। आदर्श नगर में 10 अगस्त की सुबह तीन मंजिला मकान में हुई रुक्मणी कुमारी (30) की हत्या के मामले में परिजन शुक्रवार को भी थाने नहीं पहुंचे। पुलिस और डॉक्टर पोस्टमार्टम के लिए परिजनों का इंतजार कर रहे हैं। मृतका के भाई हीरा ने जितेंद्र पर तीन लाख रुपये दहेज मांगने और मारपीट का आरोप लगाया है।
बिहार के जिला अररिया में फारबिसगंज गांव में रहने वाले हीरा ने बताया कि उनकी बहन रुक्मणी को प्रेम विवाह करने के बाद उसका पति जितेंद्र दहेज के लिए पीटता था। दो महीने पहले जितेंद्र ने रुक्मणी को मायके पैसे लेने के लिए भेजा था। तब उन्होंने 20 हजार रुपये की मदद की थी। इसके अलावा बहन जब भी घर आती थी तो वह उसकी आर्थिक मदद करते थे। उन्होंने आरोप लगाया कि जितेंद्र प्रेम विवाह करने के बाद रुक्मणी को गांव लेकर गया था। वहां ससुर ने उसे कमरे में बंद कर दिया। दो दिन तक खाने के लिए भी नहीं दिया। रुक्मणी ने किसी तरह मायके में सूचना दी। भाई हीरा और परिवार के लोग मौके पर पहुंचे और रुक्मणी को बचाकर घर लाए। उनका कहना था कि खोड़ा थाने आकर पुलिस को मामले में लिखित शिकायत देंगे।
बेटी को लेकर भागा हुआ है जितेंद्र उर्फ जीतू
मकान मालिक विशम्बर ने पुलिस को बताया कि 10 अगस्त की सुबह दस बजे वह पानी की टंकी देखने के लिए छत पर गए थे। वहां कमरे से बदबू आने पर पुलिस को सूचना दी। पुलिस कुंडी खोलकर कमरे में गई तो फर्श पर पड़ा शव सड़ चुका था। गर्दन कटी और जीभ व आंखें बाहर आ चुकी थीं। पड़ोसियों ने बताया कि जितेंद्र आए दिन रुक्मणी को पीटता था। दोनों का छोटी-छोटी बात पर झगड़ा होता था बावजूद इसके रुक्मणी परिवार से अलग नहीं रहना चाहती थी। मकान मालिक ने जितेंद्र झा को बुधवार सुबह छह बजे आखिरी बार देखा था। वह छह साल की बेटी अंजली को साथ लेकर भागा था। मकान मालिक का कहना था कि आठ अगस्त को अंजली का जन्मदिन था। उसमें जीतू ने रिश्तेदार और परिचितों को बुलाकर दावत की थी। रुक्मणी और जितेंद्र ने विजयनगर के आर्य समाज मंदिर में 17 अक्तूबर 2017 को प्रेम विवाह किया था।
एसीपी इंदिरापुरम स्वतंत्र कुमार सिंह का कहना है कि परिजन अभी तक थाने नहीं आए हैं। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। शिकायत मिलने पर पोस्टमार्टम की वीडियोग्राफी कराई जाएगी।