मोदीनगर। तेल मिल गेट के सामने बाइक सवार बदमाशों ने शुक्रवार शाम स्कूटी पर पति के साथ जा रही महिला के गले पर झपट्टा मारकर सोने की चेन लूट ली। आधी चेन टूटकर वहीं गिर गई। पीड़ित दंपती ने बदमाशों का पीछा भी मगर सफलता नहीं मिली। सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने मामले की जांच की। लक्ष्मीनगर कॉलोनी निवासी अजय वर्मा कारोबारी है। बताया कि शुक्रवार शाम अजय अपनी पत्नी शीला वर्मा के साथ पुत्री काव्या को यूनिफार्म दिलाने के लिए बाजार गए थे। यूनिफार्म खरीदने के बाद तीनों स्कूटी द्वारा घर लौट रहे थे। आरोप है कि जैसे ही वह तेल मिल गेट के समीप पहुंचे तभी पीछे आए बाइक सवार दो बदमाशों ने शीला के गले पर झपट्टा मारकर चेन तोड़ ली। छीना झपटी के दौरान स्कूटी अनियंत्रित होकर डगमगाने लगी। सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज चेक की। एसीपी ज्ञानप्रकाश राय का कहना है कि घटना की रिपोर्ट दर्ज कर जल्द ही खुलासा कर दिया जाएगा।