शिकायतों का निस्तारण न कराना और पब्लिक का फोन रिसीव न करना, नगर निगम के जेई सुशील कुमार को भारी पड़ गया। पक्की मोरी कालोनी के लोगों की शिकायत पर नगर आयुक्त ने जेई को जीएम जलकल कार्यालय से अटैच कर वेतन रोकने के आदेश जारी कर दिए हैं।
नगर आयुक्त ने जीएम जलकल को एक सप्ताह में चार्जशीट प्रस्तुत करने को कहा है। माना जा रहा है कि जल्द ही जेई के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई भी हो सकती है। पक्की मोरी के लोगों ने कालोनी में सीवर युक्त पानी आने की शिकायत की थी।
उन्होंने जेई सुशील को भी दो बार शिकायत दी। बावजूद इसके न तो उनकी शिकायत का निस्तारण हुआ और न ही जेई सुशील कुमार ने कालोनी के लोगों का फोन रिसीव किया। बाद में लोग शिकायत लेकर नगर आयुक्त के पास पहुंचे तो नगर आयुक्त ने भी जेई को फोन लगाया लेकिन फोन रिसीव नहीं हुआ।
नगर आयुक्त ने कार्य में लापरवाही बरतने और सेवा नियमावली का उल्लंघन करने पर जेई सुशील कुमार को जीएम जलकल कार्यालय से अटैच कर दिया। नगर आयुक्त का कहना है कि जीएम की ओर से चार्जशीट मिलने पर शासन को जेई के निलंबन के लिए संस्तुति भेजी जाएगी। सुशील कुमार के जोन का चार्ज कार्यवाहक अवर अभियंता दिनेश कुमार को सौंपा गया है।