किसानों का बकाया गन्ना मूल्य भुगतान, सिंचाई के लिए 18 घंटे बिजली आपूर्ति और आधा बिल माफ करने समेत 10 सूत्रीय मांगों के लिए जनता दल यूनाइटेड ने सोमवार को कलक्ट्रेट पर धरना दिया। पार्टी कार्यकर्ताओं ने राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा।
जदयू के जिलाध्यक्ष मनोज त्यागी ने कहा कि नील गाय और आवारा पशुओं से फसलों को बचाने के लिए कड़े कदम उठाए जाने, गंभीर बीमारी से पीड़ित किसानों को सरकारी कर्मचारी की तरह मुफ्त इलाज दिए जाने और उत्तर प्रदेश में शराब पर पाबंदी लगाने के लिए कार्रवाई की जाए।
उन्होंने अवैध खनन और ओवर लोड वाहनों पर भी रोक लगाने और सूखा राहत पैकेज में की गई धांधली की जांच की भी मांग उठाई। इस दौरान जदयू के प्रदेश उपाध्यक्ष देवेंद्र त्यागी, राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य सुरेंद्र त्यागी, रविंद्र गोयल, अवनीश त्यागी, संत सिंह, विनोद त्यागी, पुष्पराज यादव, सलमा, रमेश दिवाकर मौजूद रहे।