मोदीनगर। नगर के रोरी गांव में जेसीबी चालक गुलशन की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। गुलशन का शव रविवार शाम गांव के जंगल में पेड़ से लटका मिला। परिजनों ने हत्या कर शव पेड़ से लटकाने का आरोप लगाया है।
एसीपी मोदीनगर भास्कर वर्मा ने बताया कि रविवार शाम गांव रोरी के जंगल में एक युवक का शव पेड़ से लटका होने की सूचना मिली। जानकारी के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर छानबीन की। जांच के दौरान मृतक की शिनाख्त रोरी निवासी 25 वर्षीय गुलशन उर्फ गोलू पुत्र ऋषिपाल के रूप में हुई।
गुलशन जेसीबी चालक था। मौके पर पहुंचे परिजनों ने हत्या का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। परिजनों ने गांव निवासी दो युवकों पर हत्याकर शव पेड़ पर लटकाने का आरोप लगाया है। परिजनों ने बताया कि गुलशन रविवार दोपहर करीब दो बजे किसी दोस्त की बाइक लेकर घर से गया था, लेकिन लौटा नहीं। घटना स्थल के पास बाइक भी खड़ी मिली। गुलशन चार भाइयों में तीसरे नंबर का था। गुलशन का जनपद मेरठ स्थित परतापुर निवासी युवती से रिश्ता तय हो गया था। उसकी दो महीने बाद शादी होने वाली थी। एसीपी मोदीनगर भास्कर वर्मा ने बताया कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद मौत का कारण स्पष्ट होगा। मामले की गहराई से जांच की जा रही है।