रविवार को एनएच 58 पर दिनभर जाम के चलते लोगों की जमकर फजीहत हुई। लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस यातायात सुचारुकराने में लगी रही, मगर वाहनों को रफ्तार नहीं मिल सकी। जाम का कारण मोदीनगर में चल रहा नाला निर्माण बना है।
मोदीनगर में नगर पालिका परिषद की ओर से नाला निर्माण चल रहा है। जो जाम का सबब बना है। रविवार को छुट्टी के कारण मोदीनगर में वैसे ही जाम लगता था। अब नाला निर्माण के कारण जाम और भयंकर होने लगा है। रविवार को सुबह आठ बजे से ही वाहनों की रफ्तार थमनी शुरू हो गई।
दोपहर के वक्त जरूर जाम से निजात मिली, मगर शाम होते ही फिर सड़क पर वाहनों की कतार लगनी शुरू हो गई। जाम में फंसने के कारण एंबुलेंस, वीआईपी को भी परेशानी उठानी पड़ी। नगर पालिका परिषद के अधिशासी अधिकारी आरके प्रसाद ने बताया कि नाला निर्माण अंतिम चरण पर है।
ठेकेदारों को कार्य गति बढ़ाने के हिदायत दी गई है। उधर, कोतवाली प्रभारी बृजेश शर्मा का कहना है कि मामले को शीघ्र नगर पालिका परिषद अधिकारियों से बातचीत कर हाईवे को जाम मुक्त करने की दिशा में समाधान तलाशा जाएगा।