गाजियाबाद। जेल में बंद गैंगस्टर का आरोपी पति गुलधर निवासी अपनी पहली पत्नी बेटी और 10 हजार रुपये नहीं देने जान से मारने की धमकी दे रहा है। इतना ही नहीं वह उसकी छोटी बहन को अगवा करने की भी धमकी दे रहा है। महिला का आरोप है कि प्रेम विवाह के बाद पुलिस के घर आने पर उन्हें पति के गैंगस्टर होने का पता चला। जेल जाने के बाद उसने उन्हें जेल से ही तलाक दे दिया।
सिमरन का कहना है कि 2016 में मेरठ के शाहपुर किठौर निवासी रियाज के साथ प्रेम विवाह किया था। एक साल बाद उन्हें एक बेटी हुई। कुछ समय बाद उन्हें पता चला कि रियाज के खिलाफ मेरठ समेत कई जिलों में केस दर्ज हैं और वह गैंगस्टर भी है। वर्ष 2017 में वह गैंगस्टर के मामले में जेल चला गया और उन्होंने जेल में रहते हुए ही उसे तलाक दे दिया। जिसके बाद वह बेटी सना को लेक मायके चली गईं। परिजनों ने उनकी दूसरी शादी करा दी। दूसरे पति से उन्हें एक बेटा हुआ। हाल में वह गर्भवती हैं।
आरोप है कि रियाज मेरठ जेल में बंद है और वहीं से फोन कॉल करके उन्हें व उनके पति को जान से मारने और छोटी बहन को अगवा करने की धमकी दे रहा है। इतना ही नहीं उसके परिवार के लोग भी उन्हें फोन करके धमकी दे रहे हैं कि बेटी और 10 हजार रुपये दे दो नहीं तो रियाज जेल से छूटने वाला है।
आरोप है कि कई बार मधुबन बापूधाम थाने में शिकायत की लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। मामले में उन्होंने पुलिस आयुक्त से शिकायत कर रियाज, मुश्ताक, सरताज, जावेद खान, आरिफ, राशिद, नयाब और अयाज के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। एसीपी कविनगर अभिषेक श्रीवास्तव का कहना है कि मामले में जांच की जा रही है।