फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Ghaziabad News: कौशांबी थाने के पास महिला से 40 हजार रुपये, मैनेजर से लूटी सोने की चेन

विज्ञापन
विज्ञापन
कौशांबी। कौशांबी थाने के पास दोपहर सवा दो बजे बाइक सवार लुटेरों ने जीडीए सुपरवाइजर के भाई की पत्नी संगीता चौधरी से 40 हजार रुपये से भरा बैग लूट लिया। वह सीमांत विहार के पास बैंक से रुपये लेकर घर जा रही थीं। घटना में मुकदमा दर्ज नहीं हुआ है। लुटेरों ने दूसरी घटना ईडीएम के पास पुलिस बैरिकेड से आगे एक निजी कंपनी के मैनेजर सिद्धार्थ से सोने की चेन लूट ली। बृहस्पतिवार सुबह छह बजे राधेश्याम पार्क में संघ कार्यकर्ता धीरज सिंह से फोन लूट लिया। लुटेरों ने थाने के पास ताबड़तोड़ घटनाओं से पुलिस की सख्ती की पोल खोल दी है। जीडीए के सुपरवाइजर विक्रम चौहान कौशांबी डी ब्लॉक में भाई विनोद चौहान के साथ रहते हैं। विनोद वैशाली सेक्टर-1 के निजी स्कूल में केयरटेकर हैं। उन्होंने बताया कि दोपहर डेढ़ बजे विनोद की पत्नी संगीता सीमांत विहार के पास निजी बैंक से पैसे लेने गई थी। उन्होंने घर खर्च के लिए 40 हजार रुपये खाते से निकाले और बैग में रखकर घर लौट रही थीं।
विज्ञापन

जैसे ही होटल रेडिसन से आगे कौशांबी थाने के पास पहुंचीं। तभी पीछे से काले रंग की बाइक पर आए दो लुटेरों ने झपट्टा मारकर बैग लूट लिया। उन्होंने शोर मचाया तो लुटेरे थाने के कट पर रुक गए फिर बैग से नकदी लेकर उसे वहीं सड़क पर फेंक दिया। गनीमत रही कि लुटेरे बैग के साथ बैंक की पासबुक नहीं ले गए। संगीता ने बताया कि बाइक चला रहे लुटेरे ने हेलमेट पहना था जबकि पीछे बैठे दूसरे लुटेरे ने हेलमेट नहीं पहना था। उन्होंने तुरंत थाने जाकर पुलिस को सूचना दी लेकिन वहां कोई सुनवाई नहीं हुई। कुछ देर बाद परिवार के अन्य लोग पहुंचे और मुकदमा दर्ज करने की मांग की लेकिन फिर भी कुछ नहीं हुआ। शाम को जीडीए सुपरवाइजर विक्रम चौहान लिखित शिकायत लेकर थाने पहुंचे। तब पुलिस ने जांच कर लुटेरों को पकड़ने का आश्वासन दिया।

दिन में खाली बैरिकेड का लुटेरों ने उठाया फायदा, मैनेजर से लूटी चेन :
हिमगिरी अपार्टमेंट निवासी सिद्धार्थ नोएडा की निजी कंपनी में मैनेजर हैं। वह शाम करीब चार बजे भोवापुर की दुकान से दूध लेने गए थे। उस दुकान से करीब 70 मीटर दूर पुलिस की बैरिकेड लगे हैं। साढ़े चार बजे वह दूध लेकर आगे बढ़े तो पीछे से आए बाइक सवार लुटेरों ने उनकी गर्दन पर झपट्टा मारकर सोने की चेन लूट ली लेकिन मैनेजर ने तुरंत गर्दन दबा ली थी। इससे गर्दन पर निशान लगा और हल्का खून निकलने लगा। उन्होंने देखा कि लुटेरे सोने की आधी चेन लूट ले गए जबकि आधी सोने की चेन सड़क पर गिरी मिली। उन्होंने कौशांबी पुलिस को लूट का मुकदमा दर्ज कराया है।
विज्ञापन


संघ कार्यकर्ता से लूटा मोबाइल फोन :
वृंदावन गार्डन निवासी धीरज कुमार सिंह संघ कार्यकर्ता हैं। बृहस्पतिवार सुबह छह बजे वह राधेश्याम पार्क में संघ की मीटिंग में हिस्सा लेने के लिए कार्यालय जा रहे थे। रास्ते में वह संघ कार्यकर्ता मनोज से फोन पर बात कर रहे थे। तभी पीछे से बाइक पर आए लुटेरों ने फोन लूट लिया। साहिबाबाद कोतवाली में लूट का मुकदमा दर्ज हुआ है।

चुनाव में पुलिस कर रही फ्लैग मार्च, लुटेरे दे रहे खुली चुनौती:
निकाय चुनाव में पुलिस आयुक्त अजय मिश्रा ने थाना क्षेत्रों में अधिकारियों को कानून एवं सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने के सख्त निर्देश दिए हैं। शांति व्यवस्था बनाने व शरारती तत्वों को कड़ा संदेश देने के लिए फ्लैग मार्च भी हो रहा है लेकिन पुलिस का डर चोर और लुटेरों में नहीं नजर आ रहा है। तमाम घटनाओं में देखा गया कि ट्रांस हिंडन जोन में पुलिस पर लुटेरे भारी पड़ रहे हैं जिनका पुलिस अभी तक खुलासा नहीं कर पाई है।

डीसीपी ट्रांस हिंडन जोन विवेक चंद्र का कहना है कि लुटेरों की तलाश के लिए सीसीटीवी चेक कर रहे हैं। पुराने गिरोह की भी कुंडली खंगाली जा रही है। जल्द घटनाओं का खुलासा किया जाएगा।
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें