84वें वायुसेना दिवस समारोह की फुल ड्रेस रिहर्सल बृहस्पतिवार को हिंडन एयरबेस में धुंध की बाधा के बीच संपन्न हुई। आसमान में धुंध के चलते रिहर्सल पर आए लोग आधे एयर शो का ही आनंद ले सके।
आकाश गंगा टीम, जगुआर, मिग-21 बायसन, मिराज और सारंग टीम के करतब देखकर लोग दंग रह गए। हल्के लड़ाकू विमान तेजस की पहली झलक भी लोग नहीं देख सके। पिलैटस और सूर्य किरण ने भी एयर शो में हिस्सा नहीं लिया। ग्लोबमास्टर, हरक्युलिस और एमआई-17 हेलिकाप्टर आकर्षण का केंद्र बने रहे।
फुल ड्रेस रिहर्सल की शुरुआत आकाशगंगा टीम के पैराजंपर्स के करतबों से हुई। पैराजंपर्स ने आठ हजार फीट की ऊंचाई से पैराशूट से जंप की। पैराजंपर्स ने मिलकर अलग रंग के पैराशूट से तिरंगे की संरचना और स्काई डाइविंग के करतब दिखाए।
इसके बाद परेड मार्च के बाद कदमताल करती निशान टोली को सभी ने सलामी दी। एयर वारियर ड्रिल टीम ने साढ़े पांच किलो की रायफल के साथ बेहतरीन समन्वय का प्रदर्शन किया।
सुपर हरक्युलिस सी-130जे, अंबाला बेस से आए जगुआर विमान की विक्ट्री संरचना, मिग-21 बायसन की विक संरचना, मिग-29 और मिराज और सुखोई-30 की त्रिशूल संरचना और आकाश में 90 डिग्री के कोण पर वर्टिकल चार्ली मनूवर बनाने से पूरा वातावरण तालियों से गूंज उठा।
भारत के सबसे बड़े मालवाहक विमान ग्लोबमास्टर ने दो सुखोई विमानों के साथ उड़ान भरी। आठ अक्तूबर को एयरफोर्स-डे परेड में एयरचीफ मार्शल अरूप राहा, वेस्टर्न एयरकमांड के चीफ, नेवी चीफ और आर्मी चीफ को सलामी दी जाएगी। थल सेना और नेवी के अन्य अधिकारी भी मौजूद रहेंगे।
सारंग का शो रहा अधूरा, सूर्यकिरण भी नहीं दिखा
सुबह से ही आकाश में धुंध को देखते हुए अधिकारी एयरशो के रद्द होने की संभावना जता रहे थे। हालांकि एयरशो हुआ मगर मुख्य आकर्षण सारंग का शो अधूरा ही रहा। पिछले साल दोबारा एयरशो में शामिल हॉक फाइटर विमानों की टीम सूर्यकिरण ने भी प्रदर्शन नहीं किया।
ट्रेनर विमान पिलैटस की आसमानी कलाबाजियां भी लोग नहीं देख सके। अधिकारियों का कहना है कि अगर वायुसेना दिवस पर भी धुंध रहती है तो एयर शो रद्द किया जा सकता है।
एयरफोर्स डे पर पहुंचेंगे तेंदुलकर, धोनी के आने की भी संभावना
एयरफोर्स ग्रुप कैप्टन की मानद उपाधि प्राप्त मास्टर-ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर आठ अक्तूबर को एयरफोर्स डे समारोह का हिस्सा रहेंगे। सचिन के अलावा वन-डे क्रिकेट टीम के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी भी पहली बार एयरफोर्स डे की शोभा बढ़ा सकते हैं। धोनी आर्मी के मानद लेफ्टिनेंट कर्नल हैं।
लोगों ने फोटो ली तो मोबाइल किए जब्त
हाई अलर्ट को देखते हुए वायुसेना पूरी तरह सतर्क दिखाई दी। दर्शक दीर्घा में एयरफोर्स कर्मी लोगों को मोबाइल से वीडियो बनाने से रोकते दिखाई दिए। इस दौरान कई लोगों के मोबाइल जब्त भी किए गए। हालांकि एयर शो के बाद मोबाइल लौटा दिए गए। इसके अलावा दूरदर्शन के अलावा अन्य मीडिया को लाइव कवरेज से भी एयरफोर्स अधिकारियों ने रोक दिया।
स्कूली बच्चों के साथ सैकड़ों लोगों ने लिया आनंद
फुल ड्रेस रिहर्सल में करीब 20 स्कूलों के 500 बच्चों के साथ करीब चार हजार लोगों ने एयर-शो का आनंद उठाया।
हमने जानी देश की ताकत
देश की ताकत देखकर बेहद अच्छा लग रहा है। यहां आकर पता चला है कि एयरफोर्स कितनी तेज और ताकतवर है। - ज्योत्सना, छात्रा
अभी तक आसमान में उड़ते ही जहाजों को देखा था मगर अब पता चला कि वे कैसे युद्ध में हिस्सा लेते हैं। विमान चालकों की तेजी देखकर अब लगता है कि मैं भी पायलट बनूंगी।-पुलकिता, छात्रा, विद्या बाल भवन