संवाद न्यू एजेंसी
गाजियाबाद। मौसम का मिजाज मंगलवार को बदल सकता है। दिनभर बादल छाए रहेंगे। हल्की बारिश हो सकती है। इसके साथ ही दिन का तापमान लुढ़क सकता है। मौसम वैज्ञानिक डॉक्टर यूपी शाही ने बताया कि सोमवार को अधिकतम तापमान 23 और न्यूनतम 12 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मंगलवार को अधिकतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस में न्यूनतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। सुबह से आसमान में बादल छाए रहेंगे। हवा की गति 13 से 15 किमी प्रति घंटे की गति से होने के चलते सर्दी का अहसास होगा। आगामी दो दिनों तक आसमान में बादल छाए रहेंगे और कोहरा पड़ने के भी आसार हैं। 10 फरवरी के आसपास तापमान में फिर से गिरावट आएगी और लोगों को सर्दी का अहसास होगा। 15 फरवरी के आसपास तापमान में बढोत्तरी होने की संभावना है।
सुधरी हवा की सेहत... 200 से कम हुआ एक्यूआई
- गाजियाबाद समेत चारों स्टेशन का बढ़ा था एक्यूआई
- सोमवार को जनपद का एक्यूआई दर्ज हुआ 156
माई सिटी रिपोर्टर
साहिबाबाद। सप्ताह के पहले दिन लोगों को सुधरी हुई हवा मिली। गत सप्ताह जहां हर दिन जनपद समेत चारों स्टेशनों का एक्यूआई 200 से अधिक रहा, वहीं सोमवार को इसमें सुधार आया। सोमवार को शाम पांच बजे सीपीसीबी की साइट पर जनपद का एक्यूआई 156 दर्ज किया गया जो कि सामान्य श्रेणी में आता है। इंदिरापुरम एवं वसुंधरा के लोगों को भी राहत मिली।
रविवार से चल रही तेज हवा की गति से धूल और धूएं के कण साफ हुए और जनपद के एक्यूआई में 30 अंक की कमी दर्ज हुई। रविवार शाम 196 एक्यूआई दर्ज किया गया था, वहीं वसुंधरा एवं इंदिरापुरम का एक्यूआई 200 से अधिक रहा था। सोमवार को जनपद के एक्यूआई में जहां 30 अंक की कमी आई, वहीं अन्य स्टेशनों की हवा भी सामान्य श्रेणी में रही। एक सप्ताह से इंदिरापुरम का एक्यूआई 200 के पार चल रहा था, वहीं सोमवार को यहां का वायु गुणवत्ता सूचकांक 178 दर्ज किया गया। ऐसे ही वसुंधरा का वायु गुणवत्ता सूचकांक भी 170 रहा था। सबसे साफ संजयनगर की हवा रही। यहां का एक्यूआई 116 एवं लोनी का एक्यूआई 121 दर्ज किया गया। क्षेत्रीय प्रदूषण नियंत्रक अधिकारी विकास मिश्रा का कहना है कि हवा की गति तेज होने पर प्रदूषण कम होता है। आने वाले दिनों में हवा यदि इसी गति से चलती रही तो लोगों को राहत की सांस मिलेगी।