अनुमति लेकर ही लगा सकेंगे होर्डिंग- बैनर
- फोटो : अमर उजाला
गाजियाबाद। आचार संहिता लागू होने के बाद अब सरकारी योजनाओं के होर्डिंग्स से प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री, मेयर व अन्य जनप्रतिनिधियों के फोटो भी हटेंगे। निर्वाचन आयोग की सख्ती के बाद अब नगर निगम फोटो वाले होर्डिंग्स हटाएगा। इनमें निगम की ओर से लगवाए गए विज्ञापन भी शामिल हैं।
मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के फोटो वाले विज्ञापन रोडवेज बसों और अन्य सरकारी विभागों के परिसरों में भी लगे हुए हैं। वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के रसोई गैस की योजना और कैशलेस योजना से संबंधित विज्ञापन शहर में जगह-जगह लगे हुए हैं।
निर्वाचन आयोग ने ऐसे विज्ञापनों पर भी सख्ती की है। माना जा रहा है कि जनप्रतिनिधियों के यह विज्ञापन वोटरों को प्रभावित कर सकते हैं। इनके अलावा स्वच्छ भारत मिशन से संबंधित होर्डिंग्स भी शहर भर में लगे हुए हैं।
इन होर्डिंग्स पर महापौर अशु वर्मा, नगर आयुक्त अब्दुल समद, अपर नगर आयुक्त डीके सिन्हा और नगर स्वास्थ्य अधिकारी डा.आरके यादव के फोटो लगे हुए हैं। ऐसे में अब प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के फोटो हटाए जाएंगे तो निगम को महापौर के फोटो वाले होर्डिंग्स भी हटाने होंगे।
उधर, अपर नगर आयुक्त डीके सिन्हा का कहना है कि पूरे होर्डिंग्स हटाने की बजाय स्वच्छ भारत मिशन के होर्डिंग्स पर फोटो को कवर किया जा सकता है। इस संबंध में जिला निर्वाचन कार्यालय से राय लेकर कार्रवाई की जाएगी।