गाजियाबाद। अयोध्यावासियों को अपशब्द कहने के आरोपी ईशू चौधरी उर्फ अन्नू सिकरवार को पुलिस ने छह महीने के लिए जिलाबदर कर दिया है। टीला मोड़ के पसौंडा की अशोक वाटिका काॅलोनी के निवासी ईशू के खिलाफ गुंडा एक्ट की कार्रवाई भी की गई है। उस पर पहले से सात मुकदमे दर्ज हैं।
लोकसभा चुनाव में अयोध्या में भाजपा की हार के बाद उसने अयोध्यावासियों को अपशब्द कहे थे। इस पर उसके खिलाफ केस दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया गया था। फिलहाल जमानत पर बाहर चल रहा है। जिलाबदर करने के बाद पुलिस उसे जिले की सीमा के बाहर छोड़ आई है। अयोध्यावासियों को अपशब्द कहने के मामले में उसके साथ उसके साथी दक्ष को भी गिरफ्तार किया गया था।
दोनों में कार में बैठकर वीडियो बनाया था और सोशल मीडिया पर डाल दिया था। इसी वीडियो के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई की थी। जिलाबदर किए जाने के आदेश में पुलिस ने लिखा है, अन्नू शातिर किस्म का है। क्षेत्र के लोग उससे खौफजदा हैं। ऐसे में लोग उसके खिलाफ गवाही देने या शिकायत करने से बचते हैं। उसे जिलाबदर किया जाना जरूरी है। एसीपी शालीमार गार्डन सिद्धार्थ गौतम ने बताया कि ईशू उर्फ अन्नू को जिलाबदर के आदेश होने के बाद नोटिस तामिल कराकर जिले की सीमा से बाहर कर दिया गया है। इस कार्रवाई पर अन्नू ने बयान जारी कर कहा है कि वह पुलिस कार्रवाई के खिलाफ कोर्ट जाएगा।
दरोगा ने दर्ज कराया था केस
वायरल वीडियो से पता चला कि दक्ष कह रहा था कि अयोध्यावासियों ने भाजपा के साथ गलत किया है। भगवान श्रीराम को मंदिर में लाने वाली भाजपा के नमक का फर्ज अदा नहीं किया। जिस पार्टी ने राम मंदिर की मांग करने वाले लोगों पर गोलियां चलवाई, उसे ही वोट देकर जिता दिया। दक्ष के साथ बैठा अन्नू अयोध्या के लोगों को गुस्से में अपशब्द बोलता नजर आ रहा है। दरोगा ओमवीर सिंह ने मुकदमा दर्ज किया था। इससे पहले दोनों पर एक धार्मिक स्थल में जूते पहनकर जाने का भी आरोप लग चुका है।
ये केस दर्ज हैं
ईशू पर सभी सात मामले टीला मोड़ थाने में दर्ज हैं। 2020 में पहला मुकदमा दर्ज हुआ था। ईशू धर्म विशेष पर टिप्पणी करने के मामले में चर्चा में रहता है। सभी मुकदमे धमकी देने, मारपीट, हत्या का प्रयास, बलवा, धार्मिक भावना भड़काने और अपशब्द कहने के मुकदमे हैं।