जिलाधिकारी से वार्ता करते लोहा व्यापारी
- फोटो : AMAR UJALA
इंडस्ट्री के लिए लोहा व्यापार को छूट देने की मांग - लोहा विक्रेता मंडल के अध्यक्ष के साथ जिलाधिकारी से मिला प्रतिनिधिमंडल माई सिटी रिपोर्टर गाजियाबाद। जिले में लोहे और स्टील के यांत्रिकी उत्पादों को बड़े पैमाने पर तैयार कराया जाता है। अब औद्योगिक गतिविधियां शुरू होने के बाद लोहा व्यापारियों ने व्यापार शुरू कराए जाने की मांग जिला प्रशासन से की है। लोहा विक्रेता मंडल के अध्यक्ष डा.अतुल कुमार जैन अध्यक्ष के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने बृहस्पतिवार को जिलाधिकारी अजय शंकर पांडेय से मुलाकात की। अतुल कुमार जैन ने बताया कि विभिन्न स्थानों पर उद्योग चलाने के लिए लोहा और इस्पात की बड़ी मिल चलाने के लिए, कृषि संबंधित कार्यों में, दवा के कारखाने, अस्पताल तथा अन्य निर्माण कार्यों को अनुमति प्राप्त हो गई है और इन सभी में लोहे की अत्यधिक आवश्यकता रहती है। गाजियाबाद में लोहा व्यापार अधिकतर एक बहुत बड़े क्षेत्रफल में उत्तर प्रदेश औद्योगिक निगम लिमिटेड द्वारा विकसित इंडस्ट्रियल एरिया में किया जाता है, जहां पर ग्राहकों का आवागमन अक्सर नहीं होता है या बहुत कम होता है। व्यापार की प्रकृति ऐसी है कि टेलीफोन द्वारा या ईमेल द्वारा ही अधिकतर आर्डर आते हैं। माल की लोडिंग और अनलोडिंग क्रेन द्वारा या बहुत कम संख्या में मजदूरों द्वारा की जाती है। बड़े-बड़े गोदाम और कार्यालय पूरे क्षेत्र में बनाए गए हैं, जहां भीड़ बहुत कम रहती है और आपस में यह दूर भी हैं। इसके साथ ही अन्य स्थानों पर भी लोहा कारोबार किया जाता है जो यूपी बॉर्डर पर पाइप का व्यापार ,जीटी रोड, नयागंज, पटेल मार्ग इत्यादि पर भी लोहे का कारोबार होता है। इन सभी के लिए जिलाधिकारी से खोलने के लिए अनुमति के लिए आग्रह किया गया। उन्होंने बताया कि कोरोना से बचाव के सभी दिशानिर्देशों का जैसे कि मास्क लगाना ,सोशल डिस्टेंसिंग, स्थान को सैनिटाइज करना ,साबुन से हाथ धोते रहना, और मजदूरों का बाहर से आवागमन ना होना इत्यादि पर पूरा ध्यान दिया जाएगा । जिलाधिकारी ने व्यापारियों को आश्वासन दिया है। इस मौके पर प्रतिनिधिमंडल में सुबोध गुप्ता, जय कुमार गुप्ता ,अमरीश जैन ,राजीव मंगल, दीपक सिंघल, सुधीर जैन, सुशील जैन, कपिल जैन मौजूद रहे।