पुलिस अब महिला के दोनों युवकों से संबंधों और कथित साजिश में उनकी भूमिका की पड़ताल कर रही है। इसके अलावा कारोबारी के बेटे और भांजे का भी मेडिकल परीक्षण कराया जाएगा, ताकि पता लगाया जा सके कि उन्हें भी किसी तरह का जहरीला पदार्थ तो नहीं दिया गया।
डीसीपी ऋजुल ने बताया कि पुलिस अब इस मामले में बेटे और भांजे का मेडिकल परीक्षण कराने की तैयारी कर रही है। कहीं उन्हें भी लेड या किसी अन्य जहरीले पदार्थ के संपर्क में लाया गया था या नहीं।
वहीं, महिला के संपर्क में रहे बबलू के अलावा दूसरे युवक की भूमिका की भी जांच की जा रही है। मेडिकल रिपोर्ट और डॉक्टरों के बयान से कारोबारी को लेड दिए जाने की पुष्टि हुई है। मामले में लव एंगल की भी जांच करते हुए सोशल साइट्स और सीडीआर खंगाली जा रही है।
यह है मामला
इंदिरापुरम थानाक्षेत्र की एक कॉलोनी निवासी टूरिस्ट कारोबारी ने पत्नी पर प्रेमी के साथ मिलकर उनकी और बेटे की हत्या की साजिश रचने का आरोप लगाते हुए 24 सितंबर को प्राथमिकी दर्ज कराई थी। पुलिस आरोपी महिला को दिल्ली से गिरफ्तार कर चुकी है। पीड़ित का आरोप है कि पत्नी करीब एक साल से खाने में स्प्रे से धीमा जहर दे रही थीं। 21 अगस्त को ब्लड सैंपल की जांच में उनके खून में लेड की मात्रा अधिक मिली। उन्होंने आरोप लगाया कि छह करोड़ की संपत्ति और दो करोड़ का बीमा की रकम लेने के लिए पत्नी ने ये साजिश रची थी। पुलिस के समक्ष आरोपी महिला ने भी यह बात कबूल की है।
पीड़ित ने बताया कि बच्चों से पूछताछ में सामने आई खाने में स्प्रे डालने की बात
पीड़ित ने बताया कि बच्चों से बातचीत करने पर उन्होंने मां को खाने में स्प्रे से कुछ मिलाते हुए देखने की बात कही थी। इसके बाद उन्हें पत्नी पर शक हुआ। पत्नी के मोबाइल की जांच करने पर दूसरे युवक से संबंध होने की जानकारी मिली। आरोप है कि पत्नी अपने प्रेमी के साथ मिलकर उन्हें और बेटे को रास्ते से हटाना चाहती थी।
पीड़ित ने पत्नी के मायके वालों पर भी साजिश में शामिल होने का आरोप लगाया था। निजी अस्पताल डॉक्टर पंकज ने बताया कि पीड़ित कारोबारी सही समय पर इलाज मिलने से बच गए। कारोबारी की खून की जांच में लेड की मात्रा 700 के पार थी, जो आम तौर पर 300 से कम होनी चाहिए।