गाजियाबाद। इंदिरापुरम के रखरखाव की जिम्मेदारी नगर निगम को देने की तैयारी ने रफ्तार पकड़ ली है। सोमवार को जीडीए की बोर्ड बैठक में मंडलायुक्त सेल्वा कुमारी जे ने इंदिरापुरम के हस्तांतरण को सैंद्धांतिक सहमति दे दी। जीडीए उपाध्यक्ष अतुल वत्स और नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक को 15 दिन के भीतर संयुक्त बैठक कर हस्तांतरण के मामले का समाधान निकालने के निर्देश दिए हैं।
लगभग 1,200 एकड़ में फैले 4.50 लाख से ज्यादा आबादी वाले इंदिरापुरम क्षेत्र के हस्तांतरण के लिए जीडीए और नगर निगम का संयुक्त सर्वे करीब एक माह पहले ही पूरा हो चुका है। सर्वे के आधार पर रिपोर्ट बनाकर नगर निगम ने जीडीए को सौंप दी है। जीडीए के वरिष्ठ अधिकारियों के अनुसार नगर निगम ने इंदिरापुरम में सड़क, सीवर, पानी, पार्कों और सफाई व्यवस्था की जिम्मेदारी लेने की एवज में करीब 230 करोड़ रुपये की मांग की है, जबकि जीडीए ने अपने स्तर पर लगभग 150 करोड़ रुपये के खर्च का आकलन किया है। सोमवार को जीडीए की बोर्ड बैठक में जीडीए उपाध्यक्ष, नगर आयुक्त सहित दोनों एजेंसियों के अधिकारी मौजूद रहे। इंदिरापुरम हस्तांतरण मामले पर चर्चा के बाद मंडलायुक्त ने हस्तांतरण के प्रस्ताव को सैद्धांतिक सहमति दे दी। जीडीए उपाध्यक्ष इसी सप्ताह नगर आयुक्त के साथ बैठक कर समाधान निकालने के संकेत दे चुके हैं। हस्तांतरण की एवज में नगर निगम को दी जाने वाली धनराशि और अन्य पहलुओं पर जो भी सहमति बनेगी, उसके आधार पर मंडलायुक्त को 15 दिनों के भीतर रिपोर्ट सौंप दी जाएगी। नगर निगम को इंदिरापुरम के रखरखाव का जिम्मा दिए जाने की एवज में जो धनराशि दी जाएगी, उसका बंदोबस्त इंदिरापुरम विस्तार योजना में 120 भूखंडों की नीलामी से मिलने वाली रकम से किया जाना है। ग्रुप हाउसिंग के तीन भूखंडों को एकल आवासीय योजना के तहत काटने के ले-आउट प्लान को बोर्ड से मंजूरी मिल गई है। इन भूखंडों के बेस प्राइस से ही करीब 750 करोड़ रुपये आमदनी का अनुमान लगाया जा रहा है। भूखंडों की नीलामी की प्रक्रिया से दो सप्ताह में 25 प्रतिशत धनराशि आएगी, उससे किस्तों में नगर निगम को इंदिरापुरम हस्तांतरण के लिए भुगतान किया जाएगा।
-
मेट्रो कॉरिडोर के दोनों ओर टीओडी जोन मंजूर
गाजियाबाद। रैपिड की तर्ज पर अब मेट्रो कॉरिडोर के किनारे ट्रांजिट ओरिएंटेड डेवलपमेंट (टीओडी) जोन बनेगा। मेट्रो कॉरिडोर के 500 मीटर के दायरे में टीओडी जोन का प्रस्ताव बोर्ड ने पास कर दिया है। यहां निर्माण करने वालों को एफएआर (फ्लोर एरिया रेशियो) ज्यादा मिलेगा। निर्माणकर्ता पांच मंजिल तक निर्माण कर सकेंगे। शहीदनगर, राजबाग, मेजर मोहित शर्मा राजेंद्र नगर, श्याम पार्क, मोहननगर, अर्थला, हिंडन रिवर, शहीदस्थल एवं ब्लू लाइन के मेट्रो स्टेशन कौशांबी व वैशाली के दोनों तरफ टीओडी जोन होगा।