आनंद विहार आइएसबीटी से नेपाल के लिए बस सेवा का ट्रायल पूरा हो गया है। मंगलवार को इसकी औपचारिक शुरूआत की जाएगी। रोडवेज के एमडी आशीष गोयल और नेपाल एंबेसी के कृष्णा प्रसाद ढकाल बस को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। सुबह दस बजे बसाें को रवाना किया जाएगा।
आरएम पीके बोस ने बताया कि नेपाल के साथ मैत्री संबंध बढ़ाने के लिए भारत-नेपाल मैत्री बस सेवा शुरू की गई है। आनंद विहार आइएसबीटी से पोखरा तक बस का संचालन होगा। दोनों तरफ से एक-एक बस चलाई जाएगी।
उन्होंने बताया कि सुबह दस बजे बस को रवाना किया जाएगा। उन्होंने बताया कि कुछ दिन पहले ट्रायल के रूप में सेवा शुरू की गई थी। ट्रायल सफल होने पर सुचारु रूप से सेवा शुरू की जाएगी।
रोजाना नौ बजे नेपाल के लिए आनंद विहार से बस चलेंगी। नेपाल के यात्री भी ऑनलाइन टिकट बुक कर सकेंगे। इसके लिए रोडवेज अपना टिकटिंग सिस्टम नेपाल को मुहैया कराएगा।
एयरपोर्ट से ऋषिकेश के लिए भी आज से शुरू होगी बस सेवा
रोडवेज दिल्ली के इंदिरागांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट से ऋषिकेश के लिए भी बस का संचालन मंगलवार से शुरू करेगा। वोल्वो बस रात साढ़े दस बजे एयरपोर्ट से चलेगी। शुरूआत में ट्रायल के रूप में बस को चलाया जाएगा।
साहिबाबाद डिपो के एआरएम अनिल कुमार ने बताया कि वोल्वो के लिए आनलाइन टिकट की बुकिंग शुरू कर दी गई है। बस का किराया 960 रुपये है। यदि बस में कम से कम 6 पैसेंजर भी हुए तो भी बस ऋषिकेश के लिए जाएगी। यदि पैसेंजरों की संख्या 3 से कम रही तो बस कैंसल कर दी जाएगी।