मुरादनगर। लैंड क्राफ्ट मेट्रो होम सोसायटी के निवासियों ने रविवार को बिल्डर के साइट कार्यालय पर मूलभूत सुविधाओं की मांग को लेकर अनिश्चितकालीन धरना दिया। मांगों का ज्ञापन देकर धरना समाप्त किया।
सोसायटी अध्यक्ष अमित त्यागी ने कहा कि लंबे समय से मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी समस्याएं बनी हुई हैं, जिनके समाधान के लिए कई बार बिल्डर से आग्रह किया जा चुका है, लेकिन अभी तक अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई है। बताया कि सोसायटी में बिजली, सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी), पेयजल व्यवस्था, मंदिर के लिए स्थान, आईएफएमएस फंड समेत विभिन्न समस्याओं के समाधान की मांग उठाई गई। वहीं, पानी निकासी की पूर्ण व्यवस्था न होने के कारण सोसायटी के लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। धरने के बाद सोसायटी प्रतिनिधियों ने बिल्डर प्रबंधन को ज्ञापन सौंपते हुए समस्याओं के निस्तारण के लिए आठ दिन का समय दिया। चेतावनी दी कि यदि निर्धारित अवधि में मांगों पर संतोषजनक कार्रवाई नहीं हुई तो आगे की रणनीति बनाकर आंदोलन तेज किया जाएगा। इससे पूर्व सोसायटी निवासी जुलूस निकालकर बिल्डर कार्यालय पहुंचे। उपाध्यक्ष कुलदीप, दीपक, सरिता, प्रियंका, रीना, हीमा, योगेंद्र, शैलेश भारद्वाज सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।