गर्मियों का मौसम आते ही अस्पतालों में पानी के लिए त्राहिमाम मचने वाला है। एमएमजी अस्पताल में जहां सर्दियों में भी पीने के पानी की किल्लत है वहां गर्मियों में क्या हाल होगा यह सोचने वाली बात है। अस्पताल में पहले लगे जितने भी वाटर कूलर हैं वह सभी खराब हैं और मुख्य आरओ सिस्टम भी काम नहीं करता है।
एमएमजी अस्पताल में मेन गेट और पैथलॉजी के पास लगे आरओ सिस्टम के अलावा अस्पताल में अन्य कहीं पीने के पानी का इंतजाम नहीं है। मरीजों और तीमारदारों का कहना है कि मेन गेट पर लगा आरओ सिस्टम काम नहीं करता है। इसके अलावा उसके नल भी खराब हैं।
इमरजेंसी के सामने लगा आरओ सिस्टम काफी पहले से खराब है। इसके अलावा अस्पताल में एनजीओ द्वारा दान दी गई आरओ मशीनें भी बंद पड़ी हैं। मरीजों के साथ-साथ स्टाफ का भी कहना है कि उन्हें बाहर से पानी खरीद कर पीना पड़ता है।
इस मामले में सीएमएस डॉ. जेके त्यागी ने बताया कि जो भी आरओ सिस्टम खराब हैं उनके मरम्मत का काम शुरू किया जा रहा है।