मोदीनगर। दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर भोजपुर टोल के समीप रोडरेज में बाइक सवार दबंगों ने कार सवारों पर सरिये और डंडों से हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया और कार में तोड़फोड़ की। पुलिस के पहुंचने से पहले आरोपी वहां से भाग गए। घायल कार सवारों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। पुलिस ने तीन अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।
जनपद मेरठ स्थित गांव खड़ौली निवासी अकरम के अनुसार वह अपने भाई इसरार और परिचित मंजूर के साथ सोमवार को कार से जनपद बुलंदशहर के सिकंदराबाद गए थे। रात के समय दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे होते हुए वह मेरठ लौट रहे थे। आरोप है कि जैसे ही वह भोजपुर टोल के समीप पहुंचे तभी एक बाइक पीछे से कार में टकरा गई। बाइक पर तीन युवक सवार थे।
उन्होंने विरोध किया तो बाइक सवार आरोपी आग बबूला हो गए। आक्रामक बाइक सवारों ने अकरम, इसरार और मंजूर को कार से खींचकर उन पर सरिये और डंडों से हमला कर दिया। आरोपियों ने तीनों को बुरी तरह पीटा। हमले में इसरार व मंजूर के गले, सिर और हाथ व पैर में चोटें आई। आरोपियों ने कार में भी तोड़फोड़ की। लोग जमा होने पर आरोपी मौके से भाग गए।
एसीपी मोदीनगर सिद्धार्थ गौतम ने बताया कि तहरीर के अनुसार बाइक सवार तीन अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर सीसीटीवी आदि के माध्यम से आरोपियों की पहचान शुरू कर दी है।