लोनी। राष्ट्रीय हरित प्राधिकरण के आदेश पर गाजियाबाद अपर जिलाधिकारी सौरभ भट्ट ने खनन अधिकारी सौरभ भारद्वाज व संयुक्त अंतरराज्यीय कार्यबल के सदस्यों के साथ शनिवार रात पचायरा गांव स्थित रेत खनन पट्टा पर छापा मारा। इस दौरान अवैध खनन कर रही तीन जेसीबी को मौके पर ही जब्त कर सीज कर दिया गया। एनजीटी के आदेश पर क्षेत्र में यमुना नदी में अवैध खनन पर रोक लगाने के लिए टीम ने कार्रवाई की। अपर जिलाधिकारी ने बताया कि टीम को गाजियाबाद की सीमा से सात किलोमीटर दूर नदी किनारे दिल्ली की सीमा में तीन जेसीबी मशीनों से अवैध खनन होता मिला। ग्रामीणों ने टीम को बताया कि अवैध खनन गांव पचायरा में दी गई खनन परमिट की आड़ में दिल्ली की तरफ से किया जा रहा है। रेत खनन के परिवहन के लिए दिल्ली बुरारी थाना क्षेत्र से एक वैकल्पिक मार्ग बनाया गया है। दिल्ली की ओर से खनन एवं परिवहन के लिए परमिट नहीं दिया गया है। इस पर टीम ने दिल्ली के अधिकारियों से संपर्क कर अवैध खनन कर रहीं तीन जेसीबी मशीनों को जब्त कर दिल्ली स्थित बुराड़ी पुलिस को सौंपा।