साहिबाबाद। राजेंद्र नगर लालबत्ती पर सोमवार दोपहर पत्नी के कान से कुंडल झपटकर भाग रहे आरोपी को पति ने बहादुरी दिखाते हुए पकड़ लिया। इसके बाद उन्होंने डायल 112 पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची साहिबाबाद थाना पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने उसके कब्जे से झपटे गए कुंडल और वारदात में इस्तेमाल बाइक बरामद की है। वसुंधरा निवासी आशा देवी सोमवार दोपहर 2:38 बजे अपने पति कैलाश चंद के साथ भोपुरा से राजेंद्र नगर होते हुए घर लौट रही थीं। राजेंद्र नगर लालबत्ती पर पीछे से बाइक सवार बदमाश आया और आशा के कान से कुंडल झपटकर भागने लगा। इस वारदात से महिला घबरा गईं, लेकिन उनके पति ने हिम्मत दिखाते हुए बदमाश का पीछा किया और उसे पकड़ लिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने आरोपी की पहचान दिल्ली के शाहदरा मंडोली निवासी अश्वनी के रूप में की। पुलिस ने उसके पास से कुंडल और बाइक बरामद की। साहिबाबाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।