साहिबाबाद। शालीमार गार्डन थानाक्षेत्र के राजेंद्र नगर सेक्टर-दो निवासी कपिल तोमर (40) का शव घर के कमरे में फंदे से लटका मिला। बृहस्पतिवार सुबह शादी समारोह से घर लौटी उनकी तो पति को फंदे पर लटका पाया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजन को सौंपा। घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है।
एसीपी शालीमार गार्डन अतुल कुमार सिंह ने बताया कि कपिल तोमर, पत्नी व तीन बच्चों के साथ रहते थे। बुधवार को कपिल अपनी पत्नी व बच्चों को लेकर रिश्तेदार यहां शादी समारोह में गए थे। देर शाम परिवार को समारोह में छोड़कर खुद घर आ गए थे। बृहस्पतिवार सुबह जब उनकी पत्नी बच्चों को लेकर घर पहुंची। घर का दरवाजा न खुलने पर आवाज दीं और मोबाइल पर कॉल की, लेकिन न तो कॉल रिसीव हुई और न ही दरवाजा खुला। उन्होंने पति को उठाने के लिए जोर से शोर मचाया तो पड़ोसी भी मौके पर आ गए। किसी तरह पड़ोसियों ने खिड़की से झांककर देखा तब फंदे से लटका शव दिखाई दिया। इसके बाद उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने कपिल तोमर को उतारकर अस्पताल भेजा, लेकिन डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। एसीपी अतुल कुमार सिंह ने बताया कि कमरे से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। परिवार फिलहाल बातचीत करने की स्थिति में नहीं है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण स्पष्ट होगा। परिजन से बातचीत और शिकायत के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।